L&T को मिले दो बड़े सरकारी ऑर्डर, दिल्ली में सचिवालय की दो इमारतें और अमरावती में बनाएगी 47 मंजिला टावर
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) को दो बड़े सरकारी ऑर्डर मिले हैं, जिनमें दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय की इमारतें और अमरावती में 47 मंजिला टावर का निर्माण शामिल है।
-1792563291119_m.webp)
L&T को दिल्ली सचिवालय और अमरावती में मिले दो बड़े सरकारी प्रोजेक्ट
HighLights
दिल्ली में केंद्रीय सचिवालय की दो इमारतें बनाएगी L&T।
अमरावती में 47 मंजिला दो ऑफिस टावर का निर्माण करेगी।
प्रत्येक ऑर्डर की वैल्यू ₹2,500 से ₹5,000 करोड़ के बीच।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| देश की प्रमुख इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के पब्लिक स्पेसेस, एयरपोर्ट्स एंड हेल्थ (PAH) बिजनेस वर्टिकल ने देश में दो बड़े और अहम ऑर्डर हासिल किए हैं। इन ऑर्डर्स को लार्ज श्रेणी में रखा गया है, जिसका मतलब है कि प्रत्येक प्रोजेक्ट की वैल्यू 2,500 करोड़ से 5,000 करोड़ रुपए के बीच है। कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, ये दोनों प्रोजेक्ट्स नई दिल्ली और आंध्र प्रदेश में तैयार किए जाएंगे।
दिल्ली सचिवालय की दो बिल्डिंग बनाएगी
पहला ऑर्डर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की तरफ से मिला है। इसके तहत नई दिल्ली में कर्तव्य पथ के पास भारत सरकार के कॉमन सेंट्रल सचिवालय की बिल्डिंग नंबर 4 और 5 का निर्माण किया जाना है। इस प्रोजेक्ट को इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) आधार पर पूरा किया जाएगा।
इसमें बेसमेंट, ग्राउंड और 7 फ्लोर वाली दो इमारतें बनाई जाएंगी। जिनका कुल बिल्ट-अप एरिया 32.8 लाख वर्ग फीट होगा। एलएंडटी के काम के दायरे में स्ट्रक्चरल, आर्किटेक्चरल, MEP और एक्सटर्नल डेवलपमेंट के काम शामिल हैं।
इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए 24 महीने का समय तय किया गया है, जिसके बाद पांच साल तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस का काम भी कंपनी ही संभालेगी।
अमरावती में बनाएगी 47 मंजिला टावर
दूसरा ऑर्डर आंध्र प्रदेश सरकार द्वारा दिया गया है। यह प्रोजेक्ट अमरावती क्वांटम कंप्यूटिंग सेंटर के दोनों ओर दो ऑफिस टावर बनाने से जुड़ा हुआ है। इन दोनों टावरों में बेसमेंट, ग्राउंड और 47 मंजिलें (Floors) होंगी, और इनका कुल बिल्ट-अप एरिया 37.5 लाख वर्ग फीट होगा। यह एक डिजाइन एंड बिल्ड ऑर्डर है, जिसमें एलएंडटी मुख्य रूप से शेल और कोर का काम करेगी। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की समयसीमा 30 महीने रखी गई है।
प्रोजेक्ट मिलने पर क्या बोली कंपनी?
कंपनी का कहना है कि उसका PAH बिजनेस वर्टिकल देश और विदेश में आधुनिक और कस्टमाइज्ड पब्लिक स्पेस तैयार करने का शानदार रिकॉर्ड रखता है। इन नए ऑर्डर्स से एक बार फिर यह साबित होता है कि सरकारी एजेंसियां चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट्स को उच्च मानकों के साथ समय पर पूरा करने के लिए L&T की काबिलियत पर कितना भरोसा करती हैं।
लार्सन एंड टुब्रो (L&T) करीब 32 बिलियन डॉलर की एक बड़ी भारतीय बहुराष्ट्रीय कंपनी है, जो ईपीसी प्रोजेक्ट्स, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग और सर्विसेज के क्षेत्र में काम करती है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बेहतरीन टेक्नोलॉजी और ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए काम करने की वजह से L&T पिछले आठ दशकों से अपने कारोबार में अग्रणी बनी हुई है।
उज्बेकिस्तान का प्रोजेक्ट भी मिला
एलएंडटी को हाल ही में उज्बेकिस्तान से बहुत बड़ा प्रोजेक्ट मिला है। एलएंडटी को उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में एक नया और आधुनिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का ऑर्डर मिला है। जिसकी कीमत 15000 करोड़ रुपए है। कंपनी को इस अल्ट्रा-मेगा ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट के लिए शुरुआती काम शुरू करने की मंजूरी मिल गई है।
