TV से लेकर फ्रिज और AC तक बनाती है LG India, अब बिकेगी 2% हिस्सेदारी; ओपन मार्केट में होगा सौदा!
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक अपनी भारतीय इकाई एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया में 2% हिस्सेदारी ब्लॉक डील के जरिए ₹2,320.5 करोड़ में बेचेगी। यह कदम SEBI के न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता नियमों का पालन करने और प्रमोटर की हिस्सेदारी को लगभग 83% तक कम करने के लिए उठाया गया है।

एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक भारतीय इकाई में 2% हिस्सेदारी बेचेगी।
HighLights
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक भारतीय इकाई में 2% हिस्सेदारी बेचेगी।
ब्लॉक डील से ₹2,320.5 करोड़ जुटाने की उम्मीद है।
SEBI के न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता नियमों का पालन होगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों में शामिल एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया (LG Electronics India) को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी की प्रमोटर एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक (LG Electronics Inc) अपनी भारतीय इकाई में 2 फीसदी तक हिस्सेदारी बेचने जा रही है। यह सौदा ब्लॉक डील के जरिए किया जाएगा, जिसकी कुल कीमत करीब 2,320.5 करोड़ रुपये हो सकती है। इस हिस्सेदारी की बिक्री से प्रमोटर की कंपनी में हिस्सेदारी घट जाएगी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक अपनी भारतीय कंपनी के 1.358 करोड़ शेयर बेचने की तैयारी में है। ये शेयर कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 2 फीसदी हैं। इस बिक्री के लिए 1,709.30 रुपये प्रति शेयर का फ्लोर प्राइस तय किया गया है। यह कीमत बुधवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के 1,818.40 रुपये के बंद भाव से करीब 6 फीसदी कम है। इस हिसाब से प्रमोटर को अपनी हिस्सेदारी बेचकर लगभग 2,320.5 करोड़ रुपये मिल सकते हैं।
2% हिस्सेदारी बेचने के बाद कंपनी के पास कितनी हिस्सेदारी बचेगी?
फिलहाल एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंक के पास एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया की करीब 85 फीसदी हिस्सेदारी है। 2 फीसदी शेयरों की बिक्री पूरी होने के बाद प्रमोटर की हिस्सेदारी घटकर लगभग 83 फीसदी रह जाएगी।
इस सौदे का मकसद भारतीय शेयर बाजार के नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के न्यूनतम पब्लिक शेयरहोल्डिंग नियमों का पालन करना है। इन नियमों के तहत लिस्टेड कंपनियों में आम निवेशकों के पास कम से कम 25 फीसदी हिस्सेदारी होनी चाहिए।
यह पूरी तरह सेकेंडरी शेयर सेल होगी। यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी, बल्कि मौजूदा प्रमोटर अपने पास मौजूद शेयरों को बेचेगा। इसलिए इस सौदे से कंपनी को सीधे कोई नई पूंजी नहीं मिलेगी।
180 दिनों का लॉक-इन पीरियड
इस ब्लॉक डील के लिए सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया और HSBC सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स इंडिया को प्लेसमेंट एजेंट बनाया गया है। सौदा पूरा होने के बाद प्रमोटर पर 180 दिनों का लॉक-इन पीरियड लागू रहेगा। इस दौरान प्रमोटर अपनी शेष हिस्सेदारी नहीं बेच सकेगा।
टीवी, फ्रिज और AC समेत कई प्रोडक्ट बनाती है कंपनी
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया भारतीय घरेलू उपकरण और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार का एक जाना-पहचाना नाम है। कंपनी टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर, वॉशिंग मशीन, माइक्रोवेव और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाती और बेचती है।
भारतीय बाजार में कंपनी की मजबूत मौजूदगी है। ऐसे में प्रमोटर की ओर से 2 फीसदी हिस्सेदारी बेचने का फैसला निवेशकों के लिए भी अहम माना जा रहा है। इस सौदे के बाद कंपनी में आम निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़ेगी और प्रमोटर की हिस्सेदारी घट जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।