ये भारतीय है अरब देशों के सबसे बड़े ज्वैलरी शोरूम का मालिक, पिता ने छोटी सी दुकान से की थी शुरुआत
भारतीय कारोबारी जॉय अलुक्कास ने दुबई में 'ज्वेल ऑफ जॉय' नाम से मिडिल-ईस्ट का सबसे बड़ा ज्वेलरी शोरूम खोला है। ...और पढ़ें

मिडिल-ईस्ट के सबसे बड़े ज्वैलरी शोरूम का मालिक
HighLights
दुबई में खुला मिडिल-ईस्ट का सबसे बड़ा ज्वेलरी शोरूम
'रॉयल बैंगल वॉक' और अनोखा खरीदारी अनुभव प्रदान करता है
जॉय अलुक्कास की छोटे दुकान से वैश्विक ब्रांड तक की यात्रा
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दुबई को दुनिया में सोने और ज्वेलरी के कारोबार का बड़ा केंद्र माना जाता है। यहां दुनिया भर से लोग सोने, हीरे और कीमती रत्नों की खरीदारी करने पहुंचते हैं। इसी दुबई में एक भारतीय कारोबारी ने ऐसा ज्वेलरी शोरूम तैयार किया है, जो अपने साइज के चलते सबका ध्यान खींचता है।
इस शोरूम का नाम 'ज्वेल ऑफ जॉय' (Jewel of Joy) है। यह करीब 25,000 वर्ग फुट में फैला है और इसे मिडिल-ईस्ट का सबसे बड़ा ज्वेलरी शोरूम बताया जाता है। जो भारतीय कारोबारी इस शोरूम के मालिक हैं, वे हैं केरल के जॉय अलुक्कास। उनकी कहानी भी किसी छोटे कारोबारी से ग्लोबल ब्रांड बनने जैसी स्टोरी से कम नहीं है।
दुबई के गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में बना
जॉयलुक्कास ने अक्टूबर 2026 में दुबई के गोल्ड डिस्ट्रिक्ट में 'ज्वेल ऑफ जॉय' की शुरुआत की। करीब 25,000 वर्ग फुट में फैले इस शोरूम को सिर्फ ज्वैलरी बेचने की जगह के बजाय एक फुल ज्वेलरी एक्सपीरियंस सेंटर के रूप में तैयार किया गया है।
इसका उद्घाटन यूएई के विदेश व्यापार मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयौदी ने किया। इस मौके पर दुबई में भारत के काउंसल जनरल डॉ. ई. विष्णु वर्धन रेड्डी समेत कई बड़ी हस्तियां मौजूद रहीं। खास बात यह है कि कंपनी के 200 से ज्यादा शोरूम के ग्लोबल नेटवर्क में यह अपनी तरह का खास आउटलेट है।
शोरूम में है 'रॉयल बैंगल वॉक'
इस शोरूम की सबसे खास बात इसका डिजाइन और यहां मिलने वाला एक्सपीरियंस है। यहां सोने के पारंपरिक गहनों से लेकर ब्राइडल कलेक्शन, हीरे और दुर्लभ कीमती रत्नों तक की बड़ी रेंज मौजूद है। शोरूम में एक खास आकर्षण 'द रॉयल बैंगल वॉक' (The Royal Bangle Walk) है।
यह एक विशाल चूड़ी के आकार का इंस्टॉलेशन है, जिसके बीच से ग्राहक गुजर सकते हैं। इसके अलावा यहां एक्सक्लूसिव डिजाइनर स्टूडियो, वीआईपी लाउंज, बच्चों के लिए अलग एंगेजमेंट जोन और ज्वेलरी की देखभाल व मरम्मत के लिए विशेष सुविधाएं भी बनाई गई हैं। यानी कंपनी ने खरीदारी को एक अलग तरह का अनुभव बनाने की कोशिश की है।
केरल के छोटे से शहर से शुरुआत
जॉय अलुक्कास का जन्म 29 अक्टूबर 1956 को केरल के त्रिशूर में हुआ और उनके पिता वर्गीस अलुक्कास ने साल 1956 में त्रिशूर में महज 200 वर्ग फुट की एक छोटी सी दुकान से ज्वेलरी का कारोबार शुरू किया था। परिवार का कारोबार धीरे-धीरे आगे बढ़ा और जॉय ने भी कम उम्र से ही पिता के साथ काम करना शुरू कर दिया।
उन्होंने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बजाय कारोबार को समझने और उसमें हाथ बंटाने का रास्ता चुना। पिता की दुकान पर सेल्समैन के तौर पर काम करते हुए उन्होंने ग्राहकों की पसंद, गहनों की क्वालिटी और कारोबार की बारीकियां सीखीं। यही अनुभव आगे चलकर उनके बिजनेस की सबसे बड़ी पूंजी बना।
1987 में खाड़ी देशों में रखा कदम
जॉय अलुक्कास ने कारोबार को परिवार की दुकान तक सीमित रखने के बजाय इंटरनेशनल मार्केट में विस्तार करने का फैसला किया। साल 1987 में वह यूएई पहुंचे और अबू धाबी में अपना पहला विदेशी ज्वैलरी शोरूम खोला।
इसके बाद दुबई में भी कारोबार शुरू किया। उस समय खाड़ी देशों में बड़ी संख्या में भारतीय रहते थे और सोने के गहनों की मांग भी काफी थी।
जॉय ने बाजार की संभावनाओं को समय रहते पहचान लिया। शुरुआत आसान नहीं थी, लेकिन उन्होंने ग्राहकों की पसंद के मुताबिक डिजाइन, बेहतर सर्विस और आकर्षक ऑफर पर जोर दिया गया। साल 2000 के आसपास परिवार के कारोबार का बंटवारा हुआ और जॉय ने खाड़ी देशों के कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हुए अपनी अलग पहचान बनाई।
13 देशों में फैला कारोबार
आज जॉयलुक्कास सिर्फ एक ज्वेलरी ब्रांड नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला कारोबार बन चुका है। इसके दुनिया के 13 देशों में 200 से ज्यादा शोरूम हैं। इनमें भारत और यूएई के अलावा ब्रिटेन, अमेरिका, सिंगापुर, मलेशिया, कतर, कुवैत, सऊदी अरब, ऑस्ट्रेलिया, बहरीन और ओमान शामिल हैं।
कंपनी के पास 11,000 से ज्यादा कर्मचारी हैं और 1.1 करोड़ से अधिक ग्राहकों का आंकड़ा है। जॉय अलुक्कास की अगली पीढ़ी भी कारोबार में एक्टिव है। उनके बेटे जॉन पॉल अलुक्कास जॉयलुक्कास ज्वेलरी के सीईओ हैं।
एक छोटी दुकान से 25 हजार वर्ग फुट के शोरूम तक का सफर जॉय अलुक्कास की कारोबारी सोच और अंतरराष्ट्रीय विस्तार की कहानी को दिखाता है। दुबई का 'ज्वेल ऑफ जॉय' इसी सफर का नया पड़ाव है।
ये भी पढ़ें - TATA Salt का इतिहास: ₹1 वाले खुले नमक को हराकर कैसे बना 'देश का नमक'; 90 करोड़ से ज्यादा लोगों की बना पसंद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।