अरबपतियों की लिस्ट में दो पायदान खिसके जेन्सेन हुआंग, दौलत ₹69200 करोड़ घटी; ₹7.5 लाख करोड़ के तलाक का सवाल बाकी
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने अपनी पत्नी लोरी हुआंग को धोखा देने की बात स्वीकार की है, जिसके बाद ...और पढ़ें

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर के दिग्गज हैं जेन्सेन हुआंग
HighLights
एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग ने पत्नी को धोखा देने की बात स्वीकारी
अफेयर के खुलासे से जेन्सेन हुआंग की नेट वर्थ अरबों घटी
चीनी खुफिया एजेंसी से संबंध के शक पर कंपनी में जांच
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। एनवीडिया (Nvidia) के CEO जेन्सेन हुआंग, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर के दिग्गज माने जाते हैं, ने अपनी पत्नी लोरी हुआंग को धोखा देने की बात स्वीकार की है। यह बात तब सामने आई जब एक बिजनेस एग्जीक्यूटिव के साथ उनके संबंधों की खबरें आईं।
अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि वह बिजनेस एग्जीक्यूटिव चीन के लिए जानकारी जुटा रही थी। इस खुलासे के बाद एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट आई, जिसके नतीजे में उनकी संपत्ति में अरबों डॉलर की कमी आई है। वे वैश्विक अमीरों की लिस्ट में नीचे खिसक गए हैं।
कितनी घटी नेटवर्थ?
हुआंग के संबंधों को लेकर चल रही जांच के बीच एनवीडिया के शेयर पर दबाव देखा गया, जिससे उनकी संपत्ति घटी। फोर्ब्स के अनुसार, 9 नवंबर को ट्रेडिंग के पहले आधे घंटे में ही हुआंग की नेट वर्थ 7.4 अरब डॉलर घटकर 154.7 अरब डॉलर रह गई।
दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में वे आठवें स्थान से खिसककर 10वें स्थान पर आ गए।
हुआंग ने माफी मांगी
शेयर में ये गिरावट तब आई, जब एनवीडिया ने उन खबरों की स्वतंत्र जांच कराने की घोषणा की, जिनमें कहा गया था कि हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना हो सकते हैं। हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक मैसेज में अपने अफेयर को स्वीकार किया और अपनी पत्नी तथा बच्चों को दुख पहुंचाने के लिए माफी मांगी।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जांच में सहयोग करने को तैयार हैं। एनवीडिया के बोर्ड के मुताबिक उनके पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्यों से कोई समझौता हुआ है।
अभी भी कंपनी का नेतृत्व कर रहे
बता दें कि हुआंग अभी भी कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। निवेशकों के लिए चिंता का सबब केवल हुआंग का निजी जीवन नहीं है। एनवीडिया ग्लोबल AI क्रांति के केंद्र में है और इसके CEO को लेकर बनी अनिश्चितता टेक्नोलॉजी शेयरों के लिए पहले से ही अस्थिर चल रहे इस दौर को और अधिक जटिल बना सकती है।
तलाक पर सवाल
हुआंग की निजी जिंदगी से जुड़ा सबसे बड़ा वित्तीय सवाल यह है कि अगर उनका तलाक होता है, तो उनकी संपत्ति पर इसका क्या असर पड़ेगा। अगर हुआंग की संपत्ति को बराबर-बराबर बांटा जाए, तो लोरी को लगभग 81.1 अरब डॉलर मिल सकते हैं। यह रकम जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी स्कॉट को मिले लगभग 35 अरब डॉलर के सेटलमेंट से कहीं ज्यादा हो सकती है।
हालांकि कैलिफोर्निया, जहां हुआंग परिवार रहता है, वहां 'कम्युनिटी प्रॉपर्टी' के नियम लागू होते हैं। इसके तहत, शादी के दौरान बनाई गई संपत्ति को तलाक के समय आमतौर पर बराबर-बराबर बांट दिया जाता है। हालांकि, शादी से पहले की संपत्ति, कुछ खास उपहार, विरासत में मिली संपत्ति और किसी वैध वैवाहिक समझौते के तहत आने वाली संपत्तियों के लिए नियम अलग हो सकते हैं। यह अभी साफ नहीं है कि हुआंग ने शादी से पहले या शादी के बाद कोई समझौता किया है या नहीं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।