विदेशी मुद्रा भंडार में बड़ा झटका! $5 अरब से ज्यादा घटा भारत का खजाना, जानिए अब कितना बचा फॉरेक्स रिजर्व
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 5.011 अरब डॉलर घटकर 721.016 अरब डॉलर रह गया। ...और पढ़ें

विदेशी मुद्रा भंडार 16 अक्टूबर को $5.011 अरब डॉलर घटकर $721.016 अरब हुआ।
HighLights
विदेशी मुद्रा भंडार 16 अक्टूबर को $5.011 अरब डॉलर घटकर $721.016 अरब हुआ।
विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां $5.758 अरब घटकर $591.847 अरब डॉलर पर पहुंचीं।
स्वर्ण भंडार का मूल्य $70.6 करोड़ बढ़कर $105.8 अरब डॉलर हुआ।
एजेंसी मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक ने बताया कि 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत का विदेशी मुद्रा भंडार (India Forex Reserve) 5.011 अरब डॉलर घटकर 721.016 अरब डॉलर रह गया।
इससे पिछले सप्ताह में यह भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.578 अरब डॉलर घटकर 726.027 अरब डॉलर रह गया था।
क्यों गिरा भारत का विदेशी मुद्रा भंडार
चार सितंबर को समाप्त सप्ताह में हिंदुस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। ऐसा विदेशी मुद्रा जमा योजना के तहत भारी मात्रा में डॉलर आने की वजह से हुआ है। इस योजना के जरिये बैंकों ने रिकार्ड 133 अरब डालर जुटाए थे।
यह भी पढ़ें- भारत को मिली बड़ी कामयाबी! ऑयल इंडिया ने कृष्णा-गोदावरी बेसिन में खोजा प्राकृतिक गैस का भंडार
हालांकि, तब से इसमें लगातार गिरावट आ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस भारी गिरावट के पीछे विदेशी मुद्रा जमा योजना के संसाधनों का इस्तेमाल और आरबीआइ द्वारा डालर बेचकर रुपये को बचाने के लिए किए गए उपाय मुख्य कारण हैं।
16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का एक बड़ा हिस्सा यानी विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां 5.758 अरब डॉलर घटकर 591.847 अरब डालर रह गईं। डालर के संदर्भ में देखें तो, विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर भी शामिल होता है।
स्वर्ण भंडार कितना है?
इस दौरान स्वर्ण भंडार का मूल्य 70.6 करोड़ डालर बढ़कर 105.8 अरब डॉलर हो गया। विशेश आहरण अधिकार तीन करोड़ डॉलर बढ़कर 18.578 अरब डालर हो गए। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) के पास भारत की आरक्षित स्थिति 1.1 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.791 अरब डॉलर हो गई।
