सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उर्वरक सब्सिडी का खर्च पहुंचेगा ₹2.50 लाख करोड़, सरकार के बजट से ₹79 हजार करोड़ अधिक! यूरिया-NPK की बिक्री थमी

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:27 PM (IST)

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊंची कीमतों और भू-राजनीतिक तनाव के कारण वित्त वर्ष 2026-27 में भारत की उर्वरक सब्सिडी ₹2.50 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है, जो बजट आवंटन से ₹79 हजार करोड़ अधिक है। 

उर्वरक सब्सिडी पर बड़ा अनुमान

उर्वरक सब्सिडी पर बड़ा अनुमान

HighLights

  1. उर्वरक सब्सिडी FY27 में ₹2.50 लाख करोड़ तक पहुंचने का अनुमान।

  2. यह बजट आवंटन से ₹79 हजार करोड़ अधिक होगा।

  3. अप्रैल-अक्टूबर में उर्वरकों की बिक्री 3.7% घट गई।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की ऊंची कीमतों, भू-राजनीतिक तनाव और प्राकृतिक गैस महंगी होने से सब्सिडी का बोझ बढ़ रहा है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में केंद्र सरकार का उर्वरक सब्सिडी पर खर्च बढ़कर करीब ₹2.50 लाख करोड़ पहुंच सकता है। यह राशि बजट में तय ₹1.71 लाख करोड़ के आवंटन से लगभग ₹79 हजार करोड़ अधिक होगी।

फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के चेयरमैन और कोरोमंडल इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO एस. शंकरसुब्रमण्यम ने सोमवार को FAI के वार्षिक सम्मेलन से पहले यह अनुमान जताया। उन्होंने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतें बढ़ने से शुरुआत में सब्सिडी की जरूरत का अनुमान बढ़ा है। उनके मुताबिक, कुल उर्वरक सब्सिडी खर्च करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये रह सकता है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में आई हालिया नरमी और खपत में संभावित कमी से सरकार को कुछ राहत मिल सकती है।

FY23 के रिकॉर्ड स्तर के करीब पहुंचेगा खर्च

अगर उर्वरक सब्सिडी का खर्च ₹2.50 लाख करोड़ तक पहुंचता है तो यह वित्त वर्ष 2022-23 के करीब होगा। उस समय रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में उर्वरकों की कीमतों में भारी उछाल आया था। इसके चलते सरकार का सब्सिडी खर्च करीब ₹2.55 लाख करोड़ के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

वहीं, रेटिंग एजेंसी ICRA का अनुमान इससे भी अधिक है। नवंबर 2026 की अपनी रिपोर्ट में ICRA ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उर्वरक सब्सिडी की जरूरत ₹2.76 लाख करोड़ आंकी है। यह बजट में किए गए आवंटन से करीब ₹1.05 लाख करोड़ ज्यादा है।

7 महीने में उर्वरकों की बिक्री 3.7% घटी

एक तरफ सब्सिडी का खर्च बढ़ने का अनुमान है, वहीं दूसरी तरफ देश में उर्वरकों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। उद्योग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान उर्वरकों की कुल बिक्री सालाना आधार पर 3.7 फीसदी घट गई। इस अवधि में यूरिया की बिक्री पिछले साल के 2.164 करोड़ टन से घटकर 2.085 करोड़ टन रह गई। NP/NPK उर्वरकों की बिक्री में सबसे ज्यादा 25.5 फीसदी की गिरावट आई। यह 89.2 लाख टन से घटकर 66.5 लाख टन रह गई। सिंगल सुपर फॉस्फेट (SSP) की बिक्री भी 5.5 फीसदी घटकर 32.9 लाख टन रही।

इसके विपरीत, DAP की बिक्री में मामूली बढ़ोतरी हुई। अप्रैल-अक्टूबर के दौरान DAP की बिक्री 1.6 फीसदी बढ़कर 58.1 लाख टन हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 57.2 लाख टन थी। सीधे इस्तेमाल होने वाले म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) की बिक्री 10.7 फीसदी घटकर 11.6 लाख टन रह गई।

NP/NPK का उत्पादन 36 प्रतिशत घटा

कॉम्पलेक्स उर्वरकों की बिक्री में गिरावट के साथ घरेलू उत्पादन और आयात में भी कमी आई है। अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान NP/NPK उर्वरकों का घरेलू उत्पादन 36.1 फीसदी घटकर 45 लाख टन रह गया। पिछले साल इसी अवधि में यह 70.5 लाख टन था। SSP का उत्पादन भी 12.4 फीसदी घटकर 30.7 लाख टन रह गया। वहीं, यूरिया का उत्पादन 3.1 फीसदी बढ़कर 1.767 करोड़ टन और DAP का उत्पादन 4.6 फीसदी बढ़कर 24.2 लाख टन हो गया।

ये भी पढ़ें: चावल की बढ़ती कीमत बनी सरकार की चिंता! निर्यात पर 30% शुल्क लगाने की तैयारी, एक्सपोर्ट बैन पर भी आ सकता है फैसला

NP/NPK उर्वरकों के आयात में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अप्रैल-अक्टूबर के दौरान इनका आयात 32.6 फीसदी घटकर 15.6 लाख टन रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 23.1 लाख टन आयात हुआ था।

उत्पादन और आयात दोनों में गिरावट से कॉम्पलेक्स उर्वरकों की उपलब्धता प्रभावित होने के संकेत मिल रहे हैं। इसका असर किसानों को खाद की उपलब्धता और सरकार के उर्वरक सब्सिडी मैनेजमेंट पर पड़ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।