सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार में झोंके ₹84 हजार करोड़, 7 महीने के शिखर पर पहुंचा रुपया; अब बढ़ेगी डॉलर की मुश्किल?

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:18 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 01:40 PM (IST)

Dollar VS Rupee today: भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, जिसका मुख्य ...और पढ़ें

डॉलर के मुकाबले 7 महीने के शिखर पर रुपया, विदेशी निवेशकों ने बाजार में झोंके ₹84 हजार करोड़; क्रूड की गिरावट से मिली ताकत

डॉलर के मुकाबले 7 महीने के शिखर पर रुपया, विदेशी निवेशकों ने बाजार में झोंके ₹84 हजार करोड़; क्रूड की गिरावट से मिली ताकत

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Dollar VS Rupee Today: भारतीय रुपये ने डॉलर के मुकाबले करीब सात महीने का सबसे मजबूत स्तर हासिल कर लिया है। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी डॉलर की कमजोरी ने रुपये को बड़ी मजबूती दी है।

मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 93.52 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। यह पिछले कारोबारी बंद भाव से करीब 0.4 फीसदी की बढ़त है। अप्रैल के बाद रुपये का यह सबसे मजबूत स्तर है।

रुपये की इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में बढ़ती दिलचस्पी है। नवंबर में अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने दिवाली के विशेष कारोबारी सत्र को छोड़कर हर कारोबारी दिन खरीदारी की है। इस दौरान उन्होंने भारतीय शेयर बाजार में कुल 84,167.40 करोड़ रुपये लगाए हैं। इससे रुपये को लगातार सहारा मिल रहा है।

AI कंपनियों के शेयरों में बिकवाली

भारतीय बाजार में विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने की एक वजह वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (Artificial Intelligence) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में जारी बिकवाली भी है। अमेरिका और एशिया के कई बाजारों में प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयर दबाव में हैं। इसके मुकाबले भारतीय शेयर बाजार ने बेहतर प्रदर्शन किया है।

भारत के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन ने भी कहा है कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता के कारोबार में भारत की सीमित भागीदारी फिलहाल बाजार के रुख और विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी के पक्ष में काम कर रही है।

यह भी पढ़ें- भारत बनेगा अगला गुयाना? अनिल अग्रवाल ने याद दिलाई 10 साल पुरानी कहानी; तेल-गैस पर कुछ बड़ा करने की दहलीज पर हिंदुस्तान!

क्रूड ऑयल की कीमतों में गिरावट भी वजह

रुपये को दूसरी बड़ी राहत कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से मिली है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल करीब एक फीसदी टूट गया। इसकी वजह वैश्विक बाजार में आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी के मुताबिक, मध्य पूर्व से तेल का निर्यात तेजी से सुधरने और मांग की रफ्तार धीमी रहने के कारण इस साल की चौथी तिमाही में तेल बाजार में अतिरिक्त आपूर्ति हो सकती है।

भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है। ऐसे में सस्ता कच्चा तेल देश के आयात बिल और रुपये दोनों के लिए राहत लेकर आता है। घरेलू बाजार में 19 नवंबर को समाप्त होने वाला कच्चे तेल का वायदा अनुबंध भी करीब 1.53 फीसदी गिरकर 7,955 रुपये के आसपास आ गया।

डॉलर इंडेक्स 19 महीने के हाई लेवल पर

इस बीच, डॉलर सूचकांक 19 महीने के उच्च स्तर 103.70 से फिसलकर 103.4 पर आ गया। हालांकि, अमेरिकी केंद्रीय बैंक के सख्त रुख के कारण डॉलर में दोबारा मजबूती की आशंका बनी हुई है।

अब बाजार की नजर दिसंबर में अमेरिकी केंद्रीय बैंक और भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समीक्षा पर है। दोनों के ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना जताई जा रही है। यूबीएस के विश्लेषकों का अनुमान है कि रिजर्व बैंक दिसंबर और फरवरी में 0.25-0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है। इससे नीतिगत ब्याज दर 6 फीसदी तक पहुंच सकती है।

तकनीकी संकेतों के मुताबिक, डॉलर के मुकाबले रुपये के लिए 93 का स्तर अहम सहारा है। वहीं 94.10 का स्तर डॉलर के लिए शुरुआती रुकावट माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- अदाणी ने शुरू किया देश के सबसे लंबे विंड ब्लेड का प्रोडक्शन! विंड एनर्जी में बड़ी छलांग, विदेशी कंपनियों को मिलेगी चुनौती?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।