सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब विदेशी कंपनियां भी भारत के समुद्र में खोजेंगी तेल-गैस, गहरे पानी को लेकर बदल गए नियम; इस तरह नहीं लगेगी बोली

By Jagran BusinessEdited By: Kashid Hussain
Published: Sun, 29 Nov 2026 12:21 PM (IST)

भारत ने गहरे और अति-गहरे समुद्र के 18 तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में बड़े बदलाव किए हैं। इन बदलावों में राजस्व-साझा बोली को समाप्त करना और वित्तीय योग्यता मानदंडों में ढील देना शामिल है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को आकर्षित किया जा सके।

तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में बड़ा बदलाव (AI फोटो)

तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में बड़ा बदलाव (AI फोटो)

HighLights

  1. राजस्व-साझा बोली प्रणाली गहरे समुद्र ब्लॉकों से हटाई गई

  2. विदेशी साझेदारों के लिए वित्तीय योग्यता मानदंडों में ढील दी गई

  3. बोली लगाने की अंतिम तारीख अब 17 दिसंबर तक बढ़ी

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत ने लगातार दो लाइसेंसिंग दौर में पेश किए गए गहरे और अति-गहरे समुद्र के 18 तेल एवं गैस ब्लॉक की बोली रूपरेखा में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत उत्पादक बेसिन के लिए राजस्व-साझा बोली को समाप्त कर दिया गया है, सरकारी एक्सप्लोरेशन कंपनियों के विदेशी साझेदारों के लिए वित्तीय योग्यता मानदंडों में ढील दी गई है और बोली लगाने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 17 दिसंबर कर दी गई है। हाइड्रोकार्बन महानिदेशालय (डीजीएच) द्वारा अधिसूचित इन बदलावों का मकसद भारत के तकनीकी रूप से सबसे चुनौतीपूर्ण अपतटीय क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय तेल एवं गैस कंपनियों के लिए अधिक आकर्षक बनाना है।

1,62,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र

ये कंपनियां ऐसे संभावित क्षेत्रों की खोज के लिए जरूरी कैपिटल, प्रौद्योगिकी और गहरे समुद्र में खुदाई की विशेषज्ञता लाती हैं। संशोधित शर्तों के दायरे में मुक्त क्षेत्र लाइसेंसिंग नीति (ओएएलपी) बोली दौर-10 के तहत 13 ब्लॉक और ओएएलपी-11 के तहत पांच ब्लॉक आते हैं।
ये सभी 18 ब्लॉक कुल मिलाकर भारत के पूर्वी और पश्चिमी अपतटीय क्षेत्रों और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में लगभग 1,62,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले हुए हैं।

ये है सबसे महत्वपूर्ण बदलाव

सबसे महत्वपूर्ण बदलाव श्रेणी-1 के बेसिन में गहरे और अति-गहरे समुद्र के ब्लॉक के लिए राजस्व हिस्सेदारी की बोली को हटाना है। इन बेसिन में वाणिज्यिक हाइड्रोकार्बन उत्पादन पहले से हो रहा है। बोलीदाता अब सरकार को दी जाने वाली राजस्व हिस्सेदारी के बजाय अपने प्रस्तावित अन्वेषण कार्यक्रमों के आधार पर प्रतिस्पर्धा करेंगे।
संशोधित नोटिस में कहा गया है, ''श्रेणी-1 के बेसिन के गहरे और अति-गहरे समुद्र के ब्लॉक के लिए राजस्व हिस्सेदारी की बोली नहीं लगाई जाएगी।'' संशोधित राजकोषीय शर्तों में प्रावधान है कि उत्पादन के पहले पांच वर्षों के दौरान सरकार को राजस्व तभी मिलेगा, जब कोई अप्रत्याशित लाभ होगा।

2.5 अरब डॉलर का नियम

कॉन्ट्रैक्ट क्षेत्र से होने वाले 2.5 अरब डॉलर से अधिक के वार्षिक राजस्व को अप्रत्याशित लाभ के रूप में परिभाषित किया गया है। उत्पादन के छठे वर्ष से लेकर अनुबंध की समाप्ति तक संचालकों को राजस्व का पांच प्रतिशत या लागू अप्रत्याशित लाभ-स्लैब की राशि में से जो भी अधिक हो, उसका भुगतान करना होगा।
इससे अप्रत्याशित लाभ न होने की स्थिति में भी सरकार के लिए न्यूनतम राजस्व हिस्सेदारी सुनिश्चित होगी। इस बदलाव का सीधा असर सात ब्लॉक पर पड़ेगा, जिनमें चार ओएएलपी-10 और तीन ओएएलपी-11 के हैं।

ये भी पढ़ें - रिलायंस के IPO की अनसुनी कहानी: 1977 में खुला इश्यू, 1978 में लिस्टिंग, जानें 'मायनायलॉन' से देश की सबसे बड़ी कंपनी बनने का सफर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।