यूरिया का प्रोडक्शन बढ़ाने के लिए सरकार खर्च कर रही ₹55000 करोड़, रॉ मैटेरियल पर FAI की क्या सलाह?
भारत उर्वरक आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर जोर दे रहा है, जिसके लिए सरकार यूरिया उत्पादन में ₹55,000 करोड़ का निवेश कर रही है। FAI ने बाहरी संकटों से बचने के लिए कच्चे माल के स्रोतों में विविधता लाने और घरेलू उत्पादन में तेजी लाने की सलाह दी है।

यूरिया का प्रोडक्शन बढ़ाने की नई इन्वेस्टमेंट पॉलिसी
HighLights
सरकार यूरिया उत्पादन बढ़ाने के लिए ₹55,000 करोड़ खर्च कर रही।
FAI ने कच्चे माल के स्रोतों में विविधता लाने की सलाह दी।
घरेलू उत्पादन बढ़ाकर आयात पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत दुनिया के सबसे बड़े उर्वरक आयातक देशों में शामिल है। भारत सरकार लगातार आयात से निर्भरता कम कर घरेलू प्रोडक्शन को बढ़ाने पर काम कर रही है। फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) के चेयरमैन एस. शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि भारत को उर्वरकों के घरेलू उत्पादन में तेजी लाने और कच्चे माल के आयात के स्रोतों में विविधता लाने की जरूरत है, ताकि पश्चिम एशिया में संघर्ष जैसे बाहरी संकटों का असर कम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत का उर्वरक क्षेत्र अब भी बाहरी संकटों के प्रति सेंसिटिव है। पिछले 5 सालों में देश को कोविड महामारी, रूस-यूक्रेन युद्ध और हाल ही में पश्चिम एशिया में पैदा हुए संकट जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। हालांकि, भारत ने इन सभी परिस्थितियों में मजबूती दिखाई और किसानों तक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की।
भारत में 4 करोड़ टन यूरिया की मांग
FAI के वार्षिक सम्मेलन में शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि भारत को अपनी उर्वरक जरूरतों के लिए बाहरी सप्लाई पर निर्भरता कम करनी होगी। उन्होंने बताया कि पिछले फाइनेंशियल ईयर में भारत ने घरेलू मांग पूरी करने के लिए 1 करोड़ टन से अधिक यूरिया का आयात किया। देश में यूरिया की सालाना मांग करीब 4 करोड़ टन है। इसके अलावा भारत डाई-अमोनियम फॉस्फेट (DAP) का भी आयात करता है।
कच्चे माल के नए सोर्स तलाशने की जरूरत
FAI चेयरमैन ने कहा कि किसानों को उचित कीमत पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए सरकार को भारी सब्सिडी खर्च करनी पड़ती है। इसलिए भारत को केवल अगले वैश्विक संकट से निपटने की तैयारी नहीं करनी चाहिए, बल्कि ऐसे उपाय करने चाहिए जिससे दूसरे देशों पर निर्भरता ही कम हो।
इसके लिए घरेलू उत्पादन बढ़ाने, कच्चे माल की सप्लाई के नए स्रोत विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने और वैकल्पिक फीडस्टॉक पर काम करने की जरूरत है। साथ ही उर्वरकों के बेहतर इस्तेमाल और पोषक तत्वों की उपयोग एफिशिएंसी बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा।
नई यूरिया नीति से बढ़ेगा 1 करोड़ टन उत्पादन
शंकरसुब्रमणियन ने कहा कि सरकार की नई इन्वेस्टमेंट पॉलिसी फॉर यूरिया (NIPU 2026) से देश में यूरिया उत्पादन क्षमता में 1 करोड़ टन की अतिरिक्त बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इससे भारत यूरिया की घरेलू जरूरतों के मामले में आत्मनिर्भर बन सकता है। उन्होंने बताया कि इस नीति के तहत छह नए ब्राउनफील्ड यूरिया प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं में करीब ₹54,000-₹55,000 का निवेश किया जाएगा। आने वाले समय में ऐसी और परियोजनाएं भी शुरू होने की उम्मीद है।
DAP और NPK की कीमतों का अंतर
FAI चेयरमैन ने कहा कि खेती में संतुलित पोषण और मिट्टी की सेहत को कृषि रणनीति के केंद्र में रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में DAP और कॉम्प्लेक्स NPK उर्वरकों की कीमतों के बीच अंतर बढ़ने से संतुलित उर्वरकों की खपत धीमी हुई है। उन्होंने सरकार से उर्वरकों की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) तय करने के ढांचे में बदलाव की मांग की, ताकि किसानों को पोषक तत्वों के संतुलित इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहन मिले।
ये भी पढ़ें: सरकारी भंडारण में जरूरत से 4 गुना अधिक चावल फिर भी क्यों बिक रहा महंगा? पोल्ट्री, एथनॉल और एक्सपोर्ट पर हलचल
इसके अलावा उन्होंने कुछ राज्य सरकारों की ओर से स्पेशियलिटी और गैर-सब्सिडी वाले उर्वरकों की बिक्री पर लगाए जा रहे अस्थायी प्रतिबंधों पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि सरकार की नीतियों में नए उर्वरक समाधानों, तकनीक और किसानों की पसंद को बढ़ावा मिलना चाहिए। इसके लिए गुणवत्ता मानकों और उद्योग की जिम्मेदार कार्यप्रणाली को मजबूत करना भी जरूरी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।