ICICI Bank की पूर्व CEO चंदा कोचर को मिली राहत, ₹3250 करोड़ के कर्ज से जुड़ा मामला; 2022 में हुई थी गिरफ्तारी
बॉम्बे उच्च न्यायालय ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व सीईओ चंदा कोचर के खिलाफ वीडियोकॉन ऋण मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी रद्द कर दी है।

बॉम्बे हाई कोर्ट ने चंदा कोचर को राहत दी।
HighLights
बॉम्बे हाई कोर्ट ने चंदा कोचर को राहत दी।
वीडियोकॉन ऋण मामले में अभियोजन मंजूरी रद्द की।
अदालत ने मंजूरी प्रक्रिया को अवैध बताया।
एजेंसी, नई दिल्ली। बॉम्बे उच्च न्यायालय ने आईसीआईसीआई बैंक की पूर्व मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) चंदा कोचर के खिलाफ वीडियोकॉन समूह को दिए गए कर्ज में कथित अनियमितताओं के मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी रद कर दी है।
न्यायमूर्ति मिलिंद जाधव की एकल पीठ ने बुधवार को कहा कि मंजूरी देने वाले प्राधिकारी ने अपने विवेक का और अपने समक्ष रखी गई सामग्री का उचित तरीके से विचार नहीं किया। अदालत ने कहा कि 15 मई, 2023 को जारी की गई मंजूरी अवैध है और इसे रद किया जाना चाहिए। पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि मंजूरी देने वाला प्राधिकारी सक्षम नहीं था, ऐसे में यह आदेश कानून की नजर में टिकने योग्य नहीं है, इसे अमान्य किया जाता है।
2022 में हुई थी गिरफ्तारी
चंदा कोचर ने याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि आईसीआईसीआई बैंक ने उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी देते समय निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने कथित ऋण धोखाधड़ी मामले में दिसंबर, 2022 में चंदा कोचर और उनके पति दीपक कोचर को गिरफ्तार किया था।
दोनों को जनवरी, 2023 में अंतरिम जमानत मिल गई थी। जून, 2023 में सीबीआई ने विशेष अदालत को बताया था कि वीडियोकॉन समूह को दिए गए कर्ज में लेन-देन के बदले फायदा पहुंचाने यानी ‘क्विड प्रो क्वो’ के संकेत मिले हैं। भ्रष्टाचार रोधक अधिनियम के तहत बैंक कर्मचारियों को लोक सेवक माना जाता है, इसलिए उनके खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी अनिवार्य है।
3250 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है मामला
यह मामला वर्ष 2012 में आईसीआईसीआई बैंक की ओर से वीडियोकॉन समूह को दिए गए 3,250 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है। उस समय चंदा कोचर बैंक की प्रमुख थीं। सीबीआई ने कर्ज मंजूर करने की प्रक्रिया में धोखाधड़ी और अनियमितताओं का आरोप लगाया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, चंदा कोचर ने वीडियोकॉन समूह को कर्ज देने की मंजूरी इसलिए दी, क्योंकि इससे उनके पति और परिवार को लाभ मिलने की संभावना थी।
इसके बदले वीडियोकॉन ने कथित तौर पर उनके पति की कंपनी नू रिन्यूएबल में निवेश किया था। बाद में यह कर्ज गैर-निष्पादित आस्ति (एनपीए) बन गया और इसे बैंक धोखाधड़ी का मामला माना गया। हालांकि, अदालत के इस फैसले से चंदा कोचर को अभियोजन की मंजूरी के मामले में राहत मिली है, लेकिन इसे पूरे मामले में दोषमुक्ति नहीं माना जा सकता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।