ताज-मैरियट नहीं, ये है दुनिया का सबसे ज्यादा कमरों वाला होटल; गिनते-गिनते जाएंगे थक, बनाने में खर्च हुए ₹24500 करोड़
मलेशिया के जेंटिंग हाइलैंड्स में स्थित फर्स्ट वर्ल्ड होटल कमरों की संख्या के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा होटल ...और पढ़ें

दुनिया का सबसे बड़ा होटल
HighLights
7351 कमरों के साथ दुनिया का सबसे बड़ा होटल
मलेशिया के जेंटिंग हाइलैंड्स में स्थित विशाल परिसर
तान श्री लिम गोह टोंग के सपने से हुई शुरुआत
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया में होटल तो लाखों हैं, लेकिन कुछ होटल अपनी ऊंचाई, कुछ अपनी लग्जरी और कुछ अपनी अनोखी कहानी के लिए पहचाने जाते हैं। मगर मलेशिया के पहाड़ों पर बना द फर्स्ट होटल (First World Hotel) अपनी एक खास वजह से दुनिया भर में मशहूर है।
यह कमरों की संख्या के लिहाज से दुनिया का सबसे बड़ा होटल है। मलेशिया के पहाड़ी पर्यटन स्थल जेंटिंग हाइलैंड्स में मौजूद इस होटल में कुल 7,351 ऑपरेशनल कमरे हैं। Guinness World Records ने 20 जून 2015 को इसे दुनिया का सबसे बड़ा होटल माना था।
पहाड़ पर होटल बनाने का आया विचार
First World Hotel की कहानी असल में मलेशिया के कारोबारी तान श्री लिम गोह टोंग के सपने से शुरू होती है। 1965 में उन्होंने एक ऐसे माउंटेन रिजॉर्ट को विकसित करने की योजना बनाई, जहां लोग शहर की गर्मी और भीड़ से दूर जाकर छुट्टियां बिता सकें।
उस समय Genting Highlands आज जितना डेवलप और टूरिस्ट स्पॉट नहीं था। यहां पहुंचना भी आसान नहीं था। Genting Group ने पहाड़ तक सड़क बनाने का काम शुरू किया और 1969 में Genting Sempah से पहाड़ की चोटी तक करीब 25.5 किलोमीटर लंबी सड़क तैयार हुई।
फर्स्ट वर्ल्ड होटल की शुरुआत कैसे हुई?
जेंटिंग क्षेत्र में होटल कारोबार तेजी से बढ़ाने की योजना के तहत फर्स्ट वर्ल्ड होटल का निर्माण शुरू हुआ। वर्ष 2000 में इसके पहले चरण का निर्माण आगे बढ़ा और करीब 1,000 कमरे दिसंबर 2000 में उपलब्ध हो गए। पहले चरण में कुल हजारों कमरों की योजना थी।
साथ ही शॉपिंग, रेस्तरां, इनडोर थीम पार्क और कन्वेंशन सुविधाएं भी तैयार की गईं। फिर 2001 में फर्स्ट वर्ल्ड होटल के पहले टावर और उससे जुड़े बड़े कॉम्प्लेक्स को पूरा करने का काम आगे बढ़ा।
7351 कमरों वाला बना दुनिया का सबसे बड़ा होटल
फर्स्ट वर्ल्ड होटल की सबसे बड़ी पहचान इसके कमरे हैं। 2006 में होटल में 6118 कमरे होने पर इसे Guinness World Records ने दुनिया का सबसे बड़ा होटल घोषित किया था। इसके बाद भी होटल का विस्तार जारी रहा। टावर 3 खुलने के बाद 2015 में कमरों की संख्या बढ़कर 7351 हो गई। Guinness के मुताबिक Tower 2 Annex के निर्माण से कमरों की संख्या 6,118 से बढ़कर 7,351 हुई।
होटल का मालिक कौन?
फर्स्ट वर्ल्ड होटल किसी एक व्यक्ति के निजी होटल के तौर पर नहीं चलता, बल्कि यह जेंटिंग ग्रुप के रिसॉर्ट्स वर्ल्ड जेंटिंग का हिस्सा है। होटल का ऑपरेशन जेंटिंग मलेशिया के हॉस्पिटैलिटी कारोबार से जुड़ा है। जेंटिंग मलेशिया के मुताबिक रिसॉर्ट्स वर्ल्ड जेंटिंग में करीब 10,500 कमरे सात अलग-अलग होटलों में हैं।
फर्स्ट वर्ल्ड होटल इसी विशाल इंटीग्रेटेड रिसॉर्ट्स का सबसे बड़ा होटल है। आज यह पूरा इलाका होटल, मनोरंजन, शॉपिंग, रेस्तरां, थीम पार्क और दूसरे पर्यटन आकर्षणों का बड़ा केंद्र बन चुका है।
कहां मौजूद है और अंदर क्या मिलता है?
फर्स्ट वर्ल्ड होटल मलेशिया के पहांग राज्य के जेंटिंग हाइलैंड्स में, रिसॉर्ट्स वर्ल्ड जेंटिंग के बीचों-बीच स्थित है। होटल के आसपास फर्स्ट वर्ल्ड प्लाजा, स्काईएवेन्यू, स्काईट्रोपोलिस इनडोर थीम पार्क और जेंटिंग इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर जैसे प्रमुख आकर्षण मौजूद हैं।
होटल में तीन टावर हैं और अलग-अलग बजट के यात्रियों के लिए स्टैंडर्ड, डीलक्स, सुपीरियर डीलक्स, ट्रिपल और वर्ल्ड क्लब जैसे कमरे उपलब्ध हैं। यानी यह सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक बड़े मनोरंजन और पर्यटन परिसर का हिस्सा है।
एक रात का किराया कितना है?
फर्स्ट वर्ल्ड होटल की खासियत यह भी है कि दुनिया का सबसे बड़ा होटल होने के बावजूद यहां हर कमरे का किराया बेहद महंगा नहीं है। कीमत तारीख, कमरे के प्रकार, छुट्टियों और ऑफर के हिसाब से काफी बदलती रहती है। 2026 में होटल की आधिकारिक वेबसाइट पर कुछ प्रमोशनल ऑफर में स्टैंडर्ड रूम का किराया करीब 3100 रुपये से 4000 रुपये से शुरू होता बताया गया है।
ध्यान रहे कि तारीख और ऑफर के अनुसार कीमत काफी बदल सकती है।
