Ethanol News: पेट्रोल में बढ़ता मक्के का इस्तेमाल बढ़ाएगा थाली का खर्च! महंगे होंगे अंडे-चिकन, पोल्ट्री इंडस्ट्री पर संकट?
Ethanol blending India: पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के लिए मक्के के बढ़ते उपयोग से खाद्य महंगाई बढ़ने की आशंका है। ...और पढ़ें
-1794309680591_m.webp)
एथनॉल उत्पादन में मक्के का बढ़ता इस्तेमाल बढ़ाएगा रसोई का खर्च
HighLights
मक्के का उपयोग एथनॉल उत्पादन में बढ़ने से खाद्य महंगाई बढ़ेगी।
पोल्ट्री फीड की लागत बढ़ने से अंडे और चिकन महंगे होंगे।
यह स्थिति देश की खाद्य सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| Ethanol Manufacturing India: आपकी कार-बाइक की टंकी में डलने वाला पेट्रोल अब आपकी रसोई और थाली के खर्च को भारी करने जा रहा है। देश में पेट्रोल के साथ एथनॉल मिलाने (ethanol blending india) के बढ़ते सरकारी लक्ष्यों के बीच अब मक्के की खेती और इसके कमर्शियल इस्तेमाल को लेकर बड़ी चिंताएं सामने आ रही हैं।
तेल विपणन कंपनियों (OMCs) द्वारा E20 पेट्रोल (e20 petrol target) के लिए निकाले गए नए एथनॉल टेंडर में मक्के को सबसे प्रमुख फीडस्टॉक बना दिया गया है, जिसका सीधा असर अब खाने-पीने की चीजों और पशु आहार की कीमतों पर पड़ने की आशंका है।
11 अरब लीटर एथनॉल खरीद का टेंडर
हालिया आंकड़ों के मुताबिक, ओएमसी के इस नए टेंडर में मक्के से एथनॉल बनाने के ऑफर बढ़कर कुल मात्रा के 59% तक पहुंच गए हैं, जो पिछले साल 45% थे। गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल सितंबर तक कुल एथनॉल आपूर्ति में मक्के की हिस्सेदारी करीब 41% थी।
इस साल OMCs ने कुल 11 अरब लीटर एथनॉल की खरीद के लिए टेंडर जारी किया है, जिसके जवाब में डिस्टिलरीज और एथनॉल निर्माताओं ने जरूरत से लगभग 1.8 गुना यानी 19.35 अरब लीटर के भारी-भरकम ऑफर पेश कर दिए हैं।
आखिर क्यों पैदा हुई ये स्थिति?
सूखे और कम उत्पादन के चलते सरकार ने गन्ने के रस, बी-हैवी मोलासीस और शुगर सिरप को एथनॉल कार्यक्रम से बाहर कर दिया है। इसके अलावा, भारतीय खाद्य निगम (FCI) के चावल के इस्तेमाल पर भी 7.2 मिलियन टन की सीमा तय कर दी गई है।
यही वजह है कि अब एथनॉल कंपनियों का पूरा फोकस मक्के और खराब अनाजों पर शिफ्ट हो चुका है। हालांकि सरकार ने मक्के से बनने वाले एथनॉल के दाम में 3 रुपए प्रति लीटर की कटौती भी की है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में मक्के की कीमतें पिछले साल के मुकाबले दोगुनी हो चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- चीनी का MSP ₹31 से बढ़ाकर ₹42 किलो करने की मांग! किसानों को भुगतान के 2 ऑप्शन, एथनॉल प्रोडक्शन में कमी की आशंका
सबसे बड़ी समस्या कहां आ रही?
मक्के के इस बेतहाशा डायवर्जन से पोल्ट्री फार्मिंग और पशु आहार (Animal Feed) का पूरा गणित बिगड़ गया है। मक्का पोल्ट्री फीड का लगभग 60% हिस्सा होता है, और इसके अलावा यह स्टार्च व पेपर इंडस्ट्री का भी मुख्य कच्चा माल है। जब एथनॉल और पोल्ट्री दोनों सेक्टर (poultry feed prices india) मक्के के लिए आपस में मुकाबला करेंगे, तो इसकी कीमतें और अधिक भड़क सकती हैं।
कृषि विशेषज्ञ जीके सूद का कहना है कि,
जब फीडस्टॉक की किल्लत होती है, तो सबसे ज्यादा मार पशुपालकों और आम उपभोक्ताओं पर पड़ती है। यदि मक्के के दाम ऊंचे रहे, तो पोल्ट्री किसानों की इनपुट कॉस्ट बढ़ जाएगी, जिससे अंततः अंडे और चिकन के दाम आसमान छूने लगेंगे।"
चीनी और कृषि उद्योग के जानकार कपिल नेमा का कहना है कि हालांकि शुरुआती ऑफर के आंकड़े बड़े लग रहे हैं, लेकिन अंतिम आवंटन कैपेसिटी और सरकारी नियमों पर निर्भर करेगा। फिर भी, मक्के की मांग और आपूर्ति के बीच का यह भारी अंतर आने वाले दिनों में खाद्य महंगाई (Food Inflation) को खतरनाक रूप से बढ़ावा दे सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो क्लीन एनर्जी का यह लक्ष्य देश की खाद्य सुरक्षा और आम आदमी की रसोई के बजट के लिए एक बड़ी चुनौती बन जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।