सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ethanol Controversy: पेट्रोल में कैसे-कहां मिलाया जाता है एथनॉल? टैंकर, डिपो या पेट्रोल पंप, 20% ब्लेंडिंग का पूरा प्रोसेस

Published: Mon, 09 Nov 2026 05:55 PM (GMT+05:30)

E20 petrol India: कर्नाटक में पेट्रोल में तय सीमा से अधिक एथनॉल मिलाने के आरोपों पर विवाद गहरा गया है, ...और पढ़ें

पेट्रोल में कैसे-कहां मिलाया जाता है एथनॉल? टैंकर, डिपो या पेट्रोल पंप, 20% ब्लेंडिंग का पूरा प्रोसेस

पेट्रोल में कैसे-कहां मिलाया जाता है एथनॉल? टैंकर, डिपो या पेट्रोल पंप, 20% ब्लेंडिंग का पूरा प्रोसेस

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| कर्नाटक में पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाने के आरोपों ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। राज्य सरकार का दावा है कि कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में 20% की निर्धारित मात्रा से ज्यादा, यहां तक कि 31% तक एथनॉल मिलाया जा रहा है। हालांकि, इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम जैसी तेल कंपनियों ने इन आरोपों को खारिज किया है।

केंद्र सरकार ने भी साफ किया है कि देश में E20 यानी 20% एथनॉल मिश्रित पेट्रोल (E20 petrol India) की व्यवस्था लागू है। ऐसे में सवाल है कि आखिर पेट्रोल में एथनॉल कहां मिलाया जाता है? क्या पेट्रोल पंप पर कर्मचारी इसे मिलाते हैं या यह काम तेल कंपनियों के डिपो में होता है? आइए समझते हैं पूरा प्रोसेस।

कर्नाटक में क्यों मचा है विवाद?

कर्नाटक सरकार पेट्रोल के नमूनों की लैब जांच करा रही है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने रविवार को आरोप लगाया कि पेट्रोल में ज्यादा एथनॉल (Karnataka ethanol controversy) मिलाने के मामले में प्रोसेसिंग यूनिट्स भी शामिल हैं। राज्य के मंत्री रिजवान अरशद सोमवार को इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट जारी करने वाले हैं। इसमें कथित तौर पर ज्यादा इथेनॉल ब्लेंडिंग कहां और कैसे की जा रही है, इसके सबूत पेश किए जाएंगे। दूसरी तरफ, तेल कंपनियों ने गड़बड़ी के आरोपों से इनकार किया है।

पेट्रोल में एथनॉल कौन और कहां मिलता है?

भारत में पेट्रोल में एथनॉल मिलाने का काम आमतौर पर तेल कंपनियों के डिपो और टर्मिनल पर होता है। इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां इस प्रक्रिया को संभालती हैं। एथनॉल बनाने वाली डिस्टिलरी से इसकी सप्लाई तेल कंपनियों के डिपो तक पहुंचती है। वहां पेट्रोल के साथ तय अनुपात में एथनॉल मिलाकर तैयार ईंधन पेट्रोल पंपों तक भेजा जाता है।

यानी सामान्य व्यवस्था में पेट्रोल पंप का कर्मचारी पेट्रोल में अलग से एथनॉल नहीं मिलाता। उसे पहले से तैयार इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल मिलता है।

यह भी पढ़ें- BEML Stock Outlook: हाई-स्पीड रेल से चमकेगा शेयर? ₹21400 करोड़ के ऑर्डर पर 56% अपसाइड का अनुमान; Elara ने बढ़ाया टारगेट

कैसे तय होती है एथनॉल की मात्रा?

पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के लिए ऑटोमैटिक कैलिब्रेशन और प्रपोर्शनिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। इसमें दोनों तरल पदार्थों की मात्रा को नियंत्रित करके तय अनुपात में मिश्रण तैयार किया जाता है। इसे आसान उदाहरण से समझें। E20 पेट्रोल के एक लीटर में करीब 800 मिलीलीटर पेट्रोल और 200 मिलीलीटर इथेनॉल होता है। यानी 100 लीटर तैयार ईंधन में करीब 20 लीटर इथेनॉल और 80 लीटर पेट्रोल शामिल होता है।

इन-लाइन और स्प्लैश ब्लेंडिंग क्या है?

एथनॉल मिलाने के लिए मुख्य रूप से दो तरीके इस्तेमाल होते हैं।

  • इन-लाइन ब्लेंडिंग: पाइपलाइन से गुजर रहे पेट्रोल में तय मात्रा में इथेनॉल मिलाया जाता है। पूरी प्रक्रिया नियंत्रित सिस्टम के जरिए होती है।
  • स्प्लैश ब्लेंडिंग: इसमें बेस पेट्रोल के साथ इथेनॉल सीधे टैंकर या डिलीवरी ट्रक में डाला जाता है।
  • ICRIER की अध्ययन रिपोर्ट में इन दोनों तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई है। हालांकि, देश के सभी डिपो में एक ही तरीका इस्तेमाल नहीं होता।

E20 पेट्रोल में कितनी एथनॉल ब्लेंडिंग की अनुमति?

केंद्र सरकार ने फिलहाल E20 पेट्रोल की व्यवस्था लागू की है। पेट्रोलियम मंत्रालय के 8 नवंबर 2026 के स्पष्टीकरण के मुताबिक, इसमें एथनॉल की स्वीकार्य मात्रा 19% से 21% के बीच हो सकती है। इसके लिए ईंधन को भारतीय मानक IS 17021 के अनुरूप होना जरूरी है।

सरकार के मुताबिक, 27 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लिए गए 893 पेट्रोल नमूनों की जांच में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली। हालांकि, यह आंकड़ा जांचे गए नमूनों का है, देश में बिकने वाले हर लीटर पेट्रोल की जांच का नहीं।

पानी से बचाना क्यों जरूरी है?

इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उसे पानी से बचाना जरूरी है। स्टोरेज टैंक साफ होने चाहिए और उनमें मौजूद पानी व तलछट को हटाना जरूरी होता है। पानी की मौजूदगी से ईंधन दूषित होने और टैंक में जंग लगने का खतरा रहता है।

इंडियन ऑयल की मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइंस के मुताबिक, टैंकों में पानी और इथेनॉल की मात्रा जांचने का प्रावधान है। अगर इथेनॉल की मात्रा तय सीमा में नहीं मिलती, तो पेट्रोल की बिक्री रोककर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाती है।

पेट्रोल पंप की क्या है जिम्मेदारी?

इस पूरी व्यवस्था में तेल कंपनियों की जिम्मेदारी तय मानकों के मुताबिक पेट्रोल और इथेनॉल का सही मिश्रण तैयार करना है। वहीं, पेट्रोल पंप डीलर की जिम्मेदारी ग्राहकों को निर्धारित गुणवत्ता वाला ईंधन बेचना है।

इस तरह एथनॉल की सप्लाई से लेकर गाड़ी की टंकी तक पहुंचने में कई चरण शामिल होते हैं। इनमें डिस्टिलरी से सप्लाई, डिपो में ब्लेंडिंग, स्टोरेज, क्वालिटी जांच और पेट्रोल पंप तक वितरण शामिल हैं। इसलिए पेट्रोल में ज्यादा एथनॉल मिलाने की आशंका होने पर इन सभी चरणों की जांच की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- सोना बेहतर या चांदी? जानिए 1 लाख रुपए के निवेश पर किस धातु ने दिया सबसे ज्यादा मुनाफा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।