ये हैं फिलीपींस के 'मुकेश अंबानी', दादा की विरासत को फिर से खड़ा कर बने अरबपति; अदाणी की तरह पोर्ट से की थी शुरुआत
फिलीपींस के सबसे अमीर शख्स एनरिक के रेजोन ने अपने परिवार के कार्गो-लोडिंग बिजनेस को बंदरगाहों, गेमिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के ...और पढ़ें

फिलीपींस का सबसे अमीर शख्स
HighLights
एनरिक के रेजोन फिलीपींस के सबसे अमीर व्यक्ति हैं
उन्होंने बंदरगाहों, गेमिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर में साम्राज्य बनाया
17 साल की उम्र में परिवार के व्यवसाय से शुरुआत की
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण एशियाई देश फिलीपींस 15 से 18 नवंबर, 2026 तक मेट्रो मनीला में "नेविगेटिंग द फ्यूचर" (भविष्य की दिशा तय करना) थीम के तहत 49वें आसियान शिखर सम्मेलन और उससे जुड़े शिखर सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।
फिलीपींस कोई अमीर देश नहीं है, मगर वहां कई लोग अमीर हैं। फिलीपींस में सबसे अमीर शख्स (Richest Person in Asia) हैं एनरिक के रेजोन (Enrique K. Razon)। फोर्ब्स के अनुसार एनरिक की नेटवर्थ इस समय 16.9 अरब डॉलर या करीब 1.59 लाख करोड़ रुपये है, जबकि मुकेश अंबानी की नेटवर्थ इस समय 8.66 लाख करोड़ रुपये है। यहां हम आपको बताएंगे कि कैसे एनरिक को बिजनेस में कामयाबी मिली।
बंदरगाह, गेमिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर
एनरिक का पूरा नाम है एनरिक एंसेल्मो क्लार राजोन जूनियर। उनका जन्म 3 मार्च 1960 को फिलीपींस में हुआ। उन्होंने अपने परिवार के कार्गो-लोडिंग बिजनेस को बंदरगाहों, गेमिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के एक ग्लोबल साम्राज्य में बदल दिया, जिससे वे फिलीपींस के सबसे अमीर लोगों में से एक बन गए हैं।
दादा की विरासत
एनरिक के दादा ने 1916 में मनीला में एक पोर्ट वेंचर शुरू किया था, जिसे बाद में दूसरे विश्व युद्ध के बाद उनके पिता ने फिर से खड़ा किया। यानी उन्होंने गौतम अदाणी की तरह पोर्ट कारोबार से ही शुरुआत की।
हालांकि सीधे किसी बड़े पद पर जाने के बजाय, एनरिक ने 17 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया और अपने परिवार के कार्गो-हैंडलिंग कारोबार में सबसे कम वेतन वाली नौकरी शुरू की और धीरे-धीरे मेहनत करके आगे बढ़े।
एनरिक ने 1987 में इंटरनेशनल कंटेनर टर्मिनल सर्विसेज इंक (ICTSI) शुरू की, इसका विस्तार मनीला से कहीं आगे तक करते हुए इसे एक ग्लोबल ताकत बना दिया। जल्दी मुनाफा कमाने के बजाय, ICTSI ने एशिया-प्रशांत, पूर्वी यूरोप, अफ्रीका और अमेरिका के दूर-दराज या अनदेखे बंदरगाहों पर ध्यान दिया और लंबे समय तक चलने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर के कॉन्ट्रैक्ट में धैर्यपूर्वक निवेश किया।
यह फिलीपींस की पहला स्वतंत्र पोर्ट ऑपरेटर थी, जिसने दुनिया भर की विभिन्न शिपिंग कंपनियों के लिए मरीन कार्गो हैंडलिंग की सुविधा प्रदान की।
हॉस्पिटैलिटी और गेमिंग सेक्टर्स में एंट्री
2013 में, एनरिक ने 'सोलैर रिजॉर्ट एंड कैसीनो' खोलकर हॉस्पिटैलिटी और गेमिंग सेक्टर्स में कदम रखा। यह मनीला का पहला फुली इंटीग्रेटेड लग्जरी रिजॉर्ट था, और बाद में उन्होंने अन्य प्रॉपर्टीज़ के साथ अपने कारोबार का विस्तार किया।
फिर 2024 में उन्होंने 'मनीला वॉटर' का कंट्रोल अपने हाथ में ले लिया और 'प्राइम इंफ्रास्ट्रक्चर कैपिटल' (प्राइम इंफ्रा) का विस्तार करते हुए वॉटर सिक्योरिटी प्रोजेक्ट्स, पंप-स्टोरेज हाइड्रोपावर, सोलर-स्टोरेज सिस्टम और गैस-आधारित पावर प्लांट जैसे क्षेत्रों में काम शुरू किया।
गैस क्षेत्रों में भी निवेश
एनरिक का निवेश पश्चिमी फिलीपीन सागर में स्थित ऑफशोर गैस क्षेत्रों में भी है, और 2025 में उन्होंने चार गैस-आधारित बिजली संयंत्रों में 60% हिस्सेदारी खरीदी, जो पहले लोपेज ग्रुप के कंट्रोल में थे। 2026 में, एनरिक ने 'प्राइम इंफ्रा' के जरिए, कोलंबिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र तेल और गैस कंपनी 'सिएराकोल एनर्जी लिमिटेड' (सिएराकोल) को वैश्विक निवेश फर्म 'द कार्लाइल ग्रुप' से खरीदने पर भी सहमति जताई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।