सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

याद है 90's का कोल्ड ड्रिंक ब्रांड Gold Spot? 26 साल बाद हुई वापसी; अंबानी के Campa को टक्कर देने के लिए लाई Coca Cola

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:11 AM (IST)

कोका-कोला 26 साल बाद अपने पुराने लोकप्रिय ब्रांड 'गोल्ड स्पॉट' को बाजार में वापस ला रही है। यह कदम रिलायंस के 'कैम्पा' ब्रांड से मुकाबला करने और बढ़ते भारतीय कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए उठाया गया है।

फिर से मार्केट में आएगा गोल्ड स्पॉट ब्रांड (AI फोटो)

फिर से मार्केट में आएगा गोल्ड स्पॉट ब्रांड (AI फोटो)

HighLights

  1. 26 साल बाद गोल्ड स्पॉट की बाजार में वापसी

  2. रिलायंस के कैम्पा ब्रांड से मुकाबला करने की तैयारी

  3. कम चीनी वाले वर्जन में आ सकता है गोल्ड स्पॉट

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। “गोल्ड स्पॉट - द जिंग थिंग!” - इस जिंगल की वजह से गोल्ड स्पॉट को भूलना मुश्किल था। ऐसा लगता है कि भारतीय कंपनियां एक बार फिर पुराने पसंदीदा ब्रांड्स की अहमियत समझ रही हैं। कैम्पा से लेकर गोल्ड स्पॉट तक, कंपनियां उन ब्रांड्स को वापस ला रही हैं जो कभी भारतीयों की लाइफ में घुले-मिले हुआ करते थे।
हालांकि 26 साल बाद कोला-कोला द्वारा गोल्ड स्पॉट की वापसी सिर्फ पुरानी यादों को ताजा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसा लगता है कि कोका-कोला रिलायंस के कैम्पा ब्रांड से मुकाबले करने के लिए ढाई दशक से ज्यादा पुराना ब्रांड ला रही है।

साल 2000 में हो गया था बंद

गोल्ड स्पॉट संतरे के स्वाद वाली फिजी ड्रिंक (कार्बोनेटेड ड्रिंक) थी, जिसे कंपनी ने 2000 में बंद कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगले हफ्ते तक यह ब्रांड फिर से बाजार में उपलब्ध हो सकता है। खबर है कि यह ड्रिंक, कम-शुगर या बिना शुगर वाले वर्जन में वापस आ रही है।
इस नए फॉर्मूले की मदद से गोल्ड स्पॉट, कोका-कोला की पहले से मौजूद ऑरेंज ड्रिंक 'फैंटा' के साथ सीधे कॉम्पिटिशन में आने से बच सकेगी।

1952 में हुई थी पेश

जब कोका-कोला ने गोल्ड स्पॉट को बंद करने का फैसला किया, तब यह कोई छोटा-मोटा ब्रांड नहीं था। 1952 में पार्ले द्वारा लॉन्च की गई यह ऑरेंज ड्रिंक भारतीय ग्राहकों के बीच काफी लोकप्रिय थी। एक पुरानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड स्पॉट पार्ले के उन मशहूर सॉफ्ट ड्रिंक्स पोर्टफोलियो का हिस्सा था, जिनका 1993 में (जब कोका-कोला ने इन ब्रांड्स को खरीदा था) भारत के सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में लगभग 70% हिस्सा था।

इसलिए किया गया था बंद

कोका-कोला ने 2000 में इस ब्रांड को बाजार से हटा दिया था। ऐसा इसलिए नहीं हुआ कि ग्राहकों को यह पसंद नहीं था, बल्कि इसलिए किया गया ताकि कोका-कोला के अपने ग्लोबल ऑरेंज ड्रिंक 'फैंटा' के लिए जगह बनाई जा सके।
इसकी वापसी का समय काफी अहम है। गोल्ड स्पॉट के बाजार से जाने के बाद से भारत का कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक बाजार काफी बड़ा हो गया, जिससे कोका-कोला को इस कैटेगरी में अपनी पकड़ बनाने का एक और मौका मिल गया है।

कितना बड़ा है मार्केट?

बॉटलर HCCB की पैरेंट कंपनी 'हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स' के अनुमान के अनुसार FY26 में इसके प्रमुख राज्यों में कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स का बाजार 23,040 करोड़ रुपये का होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, FY20 से FY26 के बीच इस बाजार में 12.88% की कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) देखी गई।
वहीं FY26 से FY31 के बीच 11.71% की सालाना ग्रोथ का अनुमान है। ये आंकड़े केवल HCCB के प्रमुख राज्यों से जुड़े हैं, इन्हें पूरे भारतीय बाजार का अनुमान नहीं माना जाना चाहिए।

अंबानी वाली रणनीति

कम चीनी वाला गोल्ड स्पॉट, कोका-कोला को डाइट कोक या कोक जीरो के साथ-साथ एक और ऐसा प्रोडक्ट देगा, जो उपभोक्ताओं की बदलती पसंद के हिसाब से फिट बैठता है। कैम्पा की वापसी ने मुकाबले को और तेज कर दिया और गोल्ड स्पॉट की वापसी की बारी है।
कैम्पा के जरिए रिलायंस ने यह दिखा दिया है कि कैसे एक पुराना भारतीय सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड सही रणनीति के साथ एक नया बाजार तलाश सकता है। इसी रणनीति पर कोका-कोला आगे बढ़ सकती है।

ये भी पढ़ें - टाटा स्टील और APL अपोलो का मेगा मर्जर! डाउनस्ट्रीम कारोबार में 'क्रांति' की तैयारी; TATA ने बनाया ₹10000 Cr का टारगेट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।