कोल इंडिया का अक्टूबर में बंपर कोयला उत्पादन, 19.3% की शानदार वृद्धि; बढ़कर हुआ 6.72 करोड़ टन
कोल इंडिया लिमिटेड का अक्टूबर में कोयला उत्पादन 19.3 प्रतिशत बढ़कर 6.72 करोड़ टन हो गया, जबकि उठाव में भी ...और पढ़ें

कोल इंडिया का कोयला प्रोडक्शन बढ़ा
HighLights
अक्टूबर में कोल इंडिया का उत्पादन 19.3% बढ़ा
कंपनी का उठाव भी 18.7% बढ़कर 7.03 करोड़ टन
वेस्टर्न कोलफील्ड्स ने दर्ज की सबसे तेज वृद्धि
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) का अक्टूबर में कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 19.3 प्रतिशत बढ़कर 6.72 करोड़ टन हो गया। पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने 5.64 करोड़ टन कोयले का उत्पादन किया था। सार्वजनिक क्षेत्र की इस खनन कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में उसका उठाव 18.7 प्रतिशत बढ़कर 7.03 करोड़ टन हो गया, जो एक साल पहले 5.92 करोड़ टन था।
सीआईएल का उत्पादन
वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-अक्टूबर अवधि में सीआईएल का उत्पादन सालाना आधार पर 38.55 करोड़ टन से 0.7 प्रतिशत बढ़कर 38.82 करोड़ टन हो गया। इन सात महीनों के दौरान उठाव 9.2 प्रतिशत बढ़कर 45.46 करोड़ टन हो गया।
सीआईएल की सब्सिडियरी कंपनियों में महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) ने अक्टूबर में 20.8 करोड़ टन के साथ सबसे अधिक उत्पादन दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 25.3 प्रतिशत अधिक है। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने 14.3 करोड़ टन का उत्पादन किया, जो 17.4 प्रतिशत की वृद्धि है।
वेस्टर्न कोलफील्ड्स का प्रोडक्शन
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) ने सबसे तेज वृद्धि दर्ज की, जिसका उत्पादन 64.7 प्रतिशत बढ़कर 5.9 करोड़ टन हो गया। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) का उत्पादन 27.9 प्रतिशत बढ़कर 4.6 करोड़ टन रहा, जबकि सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) का उत्पादन 26.1 प्रतिशत बढ़कर 7.3 करोड़ टन हो गया।
भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने 7.1 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2.9 करोड़ टन का उत्पादन किया। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) एकमात्र ऐसी प्रमुख अनुषंगी कंपनी रही, जिसने गिरावट दर्ज की और उसका उत्पादन 4.3 प्रतिशत घटकर 11.4 करोड़ टन रह गया।