China Richest Men: कोई बेचता है बोतलबंद पानी, कोई चलाता है TikTok, कौन हैं चीन के 'अंबानी-अदाणी' ?
भारत में जब सबसे अमीर लोगों की बात होती है तो दो नाम सबसे पहले दिमाग में आते हैं- मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे पड़ोसी देश चीन के अंबानी-अदाणी कौन हैं? तो इस लिस्ट में झोंग शानशान और झांग यिमिंग का नाम आता है। झोंग चीन के सबसे अमीर और झांग दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

नई दिल्ली| China Richest Men : भारत में जब भी सबसे अमीर लोगों की बात होती है, तो दो नाम सबसे पहले दिमाग में आते हैं- मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी। एक तरफ रिलायंस का साम्राज्य है तो दूसरी तरफ अदाणी ग्रुप का तेजी से फैलता कारोबार। दोनों ही भारत की इकोनॉमी और ग्लोबल मार्केट में भारत का चेहरा बन चुके हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि हमारे पड़ोसी देश चीन के 'अंबानी-अदाणी' कौन हैं, जो दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था पर राज करते हैं? उनका बिजनेस क्या है? कैसे कमाई करते हैं और भारत के अरबपतियों के मुकाबले उनकी संपत्ति कितनी है? तो चलिए जानते हैं:
1. झोंग शानशान (Zhong Shanshan): नौकरी छोड़कर शुरू किया था बिजनेस
झोंग शानशान चीन के सबसे अमीर व्यक्तिहैं। उनकी कुल नेटवर्थ 73.6 बिलियन डॉलर (6.49 लाख करोड़ रुपए) है। उनकी कहानी किसी फिल्म से कम नहीं। नौकरी छोड़ने से लेकर अरबपति बनने तक, झोंग ने मेहनत और सूझबूझ से ये मुकाम हासिल किया।
झोंग का मुख्य बिजनेस है- नोंगफू स्प्रिंग, चीन की सबसे बड़ी बोतलबंद पानी की कंपनी। इसकी शुरुआत 1996 में की थी, जब उन्होंने देखा कि लोग साफ और भरोसेमंद पानी चाहते हैं। आज नोंगफू की बोतलें चीन में हर जगह दिखती हैं।
यह भी पढ़ें- US-India Tension : मुकेश अंबानी ने हड़बड़ी में टाल दिया अमेरिका का ये बड़ा इवेंट, नीता अंबानी करने वाली थीं मेजबानी
इसके अलावा, वो यांगशेंगटांग नाम की फार्मास्युटिकल कंपनी के मालिक हैं, जो हेल्थ प्रोडक्ट्स और दवाइयां बनाती है। उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा इन दोनों बिजनेस से आता है। नोंगफू के शेयर बाजार में लिस्ट होने के बाद उनकी दौलत आसमान छू गई।
झोंग को मिला "लोन वुल्फ" का टाइटल
झोंग की जिंदगी में एक दिलचस्प कहानी है। वो कभी पत्रकार थे, लेकिन नौकरी छोड़कर बिजनेस में कूद पड़े। एक बार उन्होंने अमेरिका के हवाई में छुट्टियां मनाते हुए स्थानीय पानी का स्वाद चखा और तभी ठान लिया कि वो ऐसा ही साफ पानी अपने देश में बेचेंगे।
उनकी मेहनत और दूरदर्शिता ने उन्हें "लोन वुल्फ" का टाइटल दिया, क्योंकि वो अकेले दम पर बिजनेस चलाते हैं। फोर्ब्स की बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक, वह दुनिया के 24वें सबसे अमीर शख्स हैं।
2. झांग यिमिंग (Zhang Yiming): टिकटॉक ने बना दिया अरबपति
झांग यिमिंग, जिनकी संपत्ति 65.5 अरब डॉलर (5.77 लाख करोड़ रुपए) है, आज चीन के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। 41 साल के इस उद्यमी (entrepreneur) ने टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस बनाकर दुनिया में तहलका मचा दिया। उनकी कहानी मेहनत और नई सोच की मिसाल है।
झांग का मुख्य बिजनेस बाईडांस (Bytedance) है, जो टिकटॉक, डौयिन (चीन में टिकटॉक का वर्जन), और टाउटियाओ (न्यूज ऐप) चलाती है। 2012 में बीजिंग के एक छोटे से फ्लैट में शुरू हुई बाइटडांस आज 225 अरब डॉलर से ज्यादा की कंपनी है।
टिकटॉक की ग्लोबल लोकप्रियता, जिसके 1.2 अरब से ज्यादा यूजर्स हैं, उनकी कमाई का सबसे बड़ा जरिया है। कंपनी विज्ञापनों और डेटा एनालिटिक्स से मोटा मुनाफा कमाती है। 2024 में बाइटडांस का रेवेन्यू 155 अरब डॉलर था।
एक मजेदार कहानी ये है कि झांग ने अपने मैनेजर्स को टिकटॉक पर वीडियो बनाने और लाइक्स बटोरने का टास्क दिया था, और अगर वो ऐसा नहीं करते तो उन्हें पैनल्टी के तौर पर पुशअप्स करने पड़ते। वो खुद भी टिकटॉक वीडियो बनाते थे।
CEO पद से इस्तीफा दिया लेकिन...
झांग ने 2021 में बाईडांस के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन उनके पास कंपनी की 21% हिस्सेदारी है। टिकटॉक की वैश्विक सफलता और बाईडांस की एआई तकनीक ने उनकी दौलत को आसमान पर पहुंचाया।
नोंगफू स्प्रिंग के झोंग शानशान को पछाड़कर वो पहले नंबर पर आए, लेकिन अब दूसरे स्थान पर हैं। उनकी मेहनत और ग्लोबल विजन ने उन्हें चीन का टॉप बिजनेसमैन बनाया। फोर्ब्स के मुताबिक, झांग दुनिया के 27वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
फोर्ब्स के मुताबिक, भारतीय अरबपति मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ 100.9 बिलियन डॉलर है। जबकि गौतम अदाणी की नेटवर्थ 60.7 बिलियन डॉलर है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।