कुंडली बताकर 11 महीने में कमा लिए ₹60 करोड़! ₹178 करोड़ पहुंची कमाई; 7 बिलियन डॉलर के मार्केट में किसने मचाया तहलका?
एस्ट्रोसेज कुंडली के AI ज्योतिषी 'रहस्य वेद' ने 11 महीनों में ₹60 करोड़ से अधिक का राजस्व कमाया है, जिससे कंपनी की कुल आय ₹178 करोड़ तक पहुंच गई है। यह AI ज्योतिष भारतीय बाजार में तेजी से बढ़ रहा है, पारंपरिक ज्योतिषियों को पीछे छोड़ते हुए ऑनलाइन सेवाओं में क्रांति ला रहा है।
-1795697639718_m.webp)
AI ज्योतिषी ने मचाया तहलका 11 महीने में कमाए 60 करोड़ रुपए
HighLights
रहस्य वेद AI ज्योतिषी ने 11 माह में ₹60 करोड़ कमाए।
कंपनी की कुल आय 89% बढ़कर ₹178 करोड़ हुई।
AI ज्योतिषियों की हिस्सेदारी कुल आय में 60% पहुंची।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| AI astrologer India: भारत में ज्योतिष मार्केट करीब 60 हजार करोड़ रुपए का है। जिसमें ऑफलाइन-ऑनलाइन दोनों की हिस्सेदारी है। लेकिन करीब 7 बिलियन डॉलर के इस मार्केट में इंसानों को पछाड़कर एआई ज्योतिषियों ने तहलका मचा दिया है और कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। एस्ट्रोसेज कुंडली (AstroSage Kundli AI astrologer) एप का एआई ज्योतिषी अवतार 'रहस्य वेद' जनवरी 2026 में लॉन्च हुआ था। जिसके महज 11 महीने में रहस्य वेद ने 14 करोड़ से ज्यादा सवालों के जवाब देकर कंपनी को 60 करोड़ रुपए से ज्यादा का रेवेन्यू दिया है। इसी के साथ यह 10 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करने वाला पहला एआई ज्योतिषी भी बन गया है।
कंपनी की कमाई में 89% और AI रेवेन्यू में 700% का उछाल
एस्ट्रोसेज एआई का संचालन करने वाली बूटस्ट्रैप्ड (अपने संसाधनों से खड़ी) और मुनाफे वाली कंपनी ओजस सॉफ्टेक प्राइवेट लिमिटेड द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से नवंबर 2026 के बीच कंपनी की कुल आय 89 फीसदी बढ़कर 178 करोड़ रुपए पहुंच गई है, जो पिछले साल इसी अवधि में 94 करोड़ रुपए थी। इस ग्रोथ का सबसे बड़ा इंजन एआई ज्योतिषी रहे हैं, जिनसे होने वाली आय 10.9 करोड़ रुपए से 700% से अधिक उछलकर करीब 91 करोड़ रुपए हो गई है।
यह भी पढ़ें- डालमिया परिवार का नया बिजनेस प्लान, बनारस की 190 साल पुरानी हवेली बनेगी लग्जरी होटल; SABO ब्रांड से मिलेगी पहचान
पारंपरिक ज्योतिषियों पर भारी पड़ रहे AI अवतार
एस्ट्रोसेज एआई के सीईओ प्रतीक पांडेय ने बताया कि दो साल पहले तक कंपनी की पेड कंसल्टेंसी पूरी तरह पारंपरिक ज्योतिषियों पर निर्भर थी, लेकिन आज कुल आय में एआई ज्योतिषियों की हिस्सेदारी करीब 60% हो गई है। पांडेय के अनुसार, भारत का कुल ज्योतिष बाजार करीब 7 अरब डॉलर का है, जिसमें ऑनलाइन सेवाओं की हिस्सेदारी अभी 50 करोड़ डॉलर से कम है। मीडिया रिपोर्ट मुताबिक, 2032 तक यह ऑनलाइन बाजार 2.3 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है, जिसमें कंपनी बड़ी हिस्सेदारी हासिल करने की तैयारी में है।
युवाओं में जबरदस्त क्रेज, डाउनलोड 130% बढ़े
प्लेटफॉर्म पर करीब 30,000 पारंपरिक ज्योतिषियों के साथ-साथ 40 से अधिक एआई ज्योतिषी (जैसे मिस्टर कृष्णमूर्ति, लव गुरु, एस्ट्रो अनन्या) मौजूद हैं, जिनके कुल 29 लाख फॉलोअर्स हैं। एआई फीचर्स आने के बाद जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच ऐप के डाउनलोड 130% बढ़कर 4.4 करोड़ तक पहुंच गए। आंकड़ों के मुताबिक, 18 से 34 वर्ष के युवाओं ने करीब 59 फीसदी सवाल पूछे, जिनमें से 55 फीसदी सवाल नौकरी और शादी से जुड़े थे।
कंपनी के संस्थापक और सीआईओ पुनीत पांडेय ने कहा कि ऑनलाइन कुंडली बनाने वाले 90% लोग उनके ऐप का इस्तेमाल करते हैं। 2018 में पहला एआई ज्योतिषी 'भृगु एआई' लॉन्च करने के बाद अब उनके एआई अवतार भोजपुरी से लेकर फ्रेंच तक कई भाषाओं में बात कर सकते हैं, जिसमें 'रहस्य वेद' अपनी सटीक और आसान भाषा के कारण एक 'महागुरु' बनकर उभरे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।