डालमिया परिवार का नया बिजनेस प्लान, बनारस की 190 साल पुरानी हवेली बनेगी लग्जरी होटल; SABO ब्रांड से मिलेगी पहचान
डालमिया परिवार बनारस की 190 साल पुरानी हवेली को 'SABO' ब्रांड के तहत लग्जरी बुटीक होटल में बदल रहा है। यह पहल हेरिटेज संरक्षण, हॉस्पिटैलिटी और सामाजिक विकास को जोड़ते हुए BHU के साथ कई परियोजनाओं पर काम करेगी।
-1795525316831_m.webp)
बनारस की ऐतिहासिक हवेली अब SABO लग्जरी होटल, डालमिया परिवार की नई पहल
HighLights
डालमिया परिवार 190 साल पुरानी हवेली को लग्जरी होटल में बदलेगा।
होटल का नाम सावित्री देवी डालमिया के नाम पर 'SABO' होगा।
BHU के साथ हेरिटेज और सामाजिक विकास के लिए समझौता।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| डालमिया परिवार बनारस की करीब 190 साल पुरानी ऐतिहासिक हवेली को लग्जरी बुटीक होटल में बदलकर हेरिटेज हॉस्पिटैलिटी बिजनेस में कदम बढ़ा रहा है।
परिवार इस होटल को 'SABO' ब्रांड के नाम से विकसित कर रहा है। यह पहल ऐतिहासिक संपत्तियों को पर्यटन और होटल कारोबार से जोड़ने के साथ पारिवारिक विरासत को नया बिजनेस मॉडल देने की कोशिश है।
यह प्रोजेक्ट डालमिया भवन में तैयार किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक इमारत को 1835 से 1845 के बीच सेरामपुर के गोस्वामी परिवार ने बनवाया था। पहले इसे गोस्वामी बाड़ी के नाम से जाना जाता था।
यह संपत्ति सेंट्रल हिंदू स्कूल और अस्सी घाट के बीच स्थित है। बताया जाता है कि महात्मा गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर, सरोजिनी नायडू, एनी बेसेंट और जवाहरलाल नेहरू जैसी हस्तियां भी यहां आ चुकी हैं।
SABO ब्रांड से होटल कारोबार में नई पहचान
डालमिया परिवार इस होटल का नाम सावित्री देवी डालमिया (SABO) के नाम पर रख रहा है। उनका निधन 23 मार्च 1988 को 53 साल की उम्र में हुआ था।
परिवार के प्रतिनिधि कुणाल डालमिया के मुताबिक, SABO उनके लिए सिर्फ एक याद नहीं, बल्कि उन मूल्यों की प्रतीक हैं जिन्हें परिवार आगे बढ़ाना चाहता है। उन्होंने कहा कि डालमिया भवन को खूबसूरत बुटीक लग्जरी होटल के रूप में विकसित कर SABO नाम दिया जा रहा है।
होटल की थीम संवेदना और संयम के सिद्धांत पर आधारित होगी। यहां रूफटॉप गार्डन में सब्जियां उगाने की भी योजना है। इसका मकसद SABO के बागवानी और प्रकृति प्रेम को होटल की पहचान से जोड़ना है।
BHU के साथ 5 साल का समझौता
परिवार ने 27 अगस्त 2026 को डालमिया समूह की कंपनियों और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के साथ पांच साल का समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। इसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकता है। इस पर परिवार के प्रतिनिधि और BHU के रजिस्ट्रार राजन श्रीवास्तव ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।
समझौते के तहत तीन प्रमुख परियोजनाओं पर काम होगा। इनमें सेठ दुली चंद जी डालमिया हॉस्टल का नवीनीकरण, कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल परिसर में SABO उद्यान का विकास और सावित्री देवी विज्ञान भवन का नवीनीकरण शामिल है। इन परियोजनाओं में छात्रों के लिए बेहतर सुविधाएं, खेलकूद की व्यवस्था, साफ पीने का पानी, हरियाली और स्मृति स्थल विकसित किए जाएंगे। परिवार हर साल होने वाले SABO कप खेल टूर्नामेंट को भी सहयोग देगा।
शिक्षा और सामाजिक विकास में भी योगदान
SABO की विरासत शिक्षा और सामाजिक विकास से भी जुड़ी रही है। 1973 में लक्ष्मीनिवास डालमिया ने अपने पिता की स्मृति में BHU को सेठ दुली चंद जी डालमिया हॉस्टल दान किया था। इसमें SABO की भी अहम भूमिका थी। हॉस्टल में 400 से अधिक विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है।
इसके बाद 2004 में उनके बच्चों ने सावित्री देवी विज्ञान भवन बनवाकर BHU को समर्पित किया। यह महिलाओं के लिए होम साइंस ब्लॉक है, जहां हर साल 2,200 से अधिक छात्राएं शिक्षा हासिल करती हैं।
डालमिया परिवार की यह पहल हेरिटेज संरक्षण, लग्जरी हॉस्पिटैलिटी और सामाजिक विकास को एक साथ जोड़ती है। SABO होटल के जरिए परिवार ऐतिहासिक संपत्ति को नया व्यावसायिक स्वरूप देने के साथ अपनी पारिवारिक विरासत को भी आगे बढ़ाना चाहता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।