Bihar Weather: झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे, धान सहित इन फसलों को होगा फायदा
रामनगर में भीषण गर्मी के बाद हुई बारिश से किसानों को राहत मिली है। धान की नर्सरी और गन्ने की फसल के लिए यह बारिश काफी फायदेमंद साबित हुई है। हालांकि बारिश के बाद भी उमस और गर्मी से लोगों को पूरी तरह से राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही मानसून आने की संभावना है जिससे कृषि कार्यों में तेजी आएगी।
संवाद सूत्र,रामनगर। भीषण गर्मी के बीच बीते गुरुवार की रात करीब एक घंटे तक जमकर बारिश हुई। शुक्रवार की सुबह भी बूंदाबांदी हुई। इससे धान की नर्सरी तैयार करने वाले किसानों को काफी फायदा हुआ है। गन्ना समेत अन्य फसलों पर हरियाली छा गई है।
हालांकि, गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन बारिश होने के बाद भी उमस और गर्मी से राहत नहीं मिली है। शुक्रवार की दोपहर में लोगों का भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बीच-बीच में आसमान में बादल भी दिखे, लेकिन इससे लोगों को कोई खास फायदा नहीं हुआ।आसमान में भी पूरे दिन बादलों का आना-जाना लगा रहा, लेकिन बारिश से तापमान में गिरावट नहीं आई।
किसान ज्ञानचंद बैठा का कहना है कि धान के बीज खेत में गिरा रखा है। एक बार पंप सेट से सिंचाई भी की गई है, लेकिन खेतों में नमी नहीं थी। फिर से पटवन की जरूरत थी। बारिश से अब कम से कम एक सप्ताह तक पानी की आवश्यकता नहीं होगी।
किसान विंध्याचल यादव का कहना है कि गन्ने के लिए बारिश काफी लाभकारी है। कुछ दिनों तक सिंचाई से मुक्ति मिलेगी। खेतों में पर्याप्त नमी हो गई है। अब किसानों को धान के बिचड़े के लिए तैयार होने में राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के सूत्रों की माने तो जल्द ही मानसून का आगमन भी होगा, जिसके बाद खेती के कार्य में तेजी आएगी। बीएओ अमरनाथ ठाकुर का कहना है कि इस बारिश से सबसे अधिक फायदा किसानों को हुआ है। खरीफ फसल को तैयार करने में सुविधा होगी। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 35 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।