पति से झगड़े के बाद बच्चों को निकाला घर से बाहर, फिर पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम; दरवाजा तोड़कर देखा तो...
पश्चिम चंपारण के योगापट्टी में पारिवारिक कलह के कारण इंदू देवी नामक एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका ने सुबह ही अपने पिता को फोन कर मायके आने की बात कही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। मृतका के पिता ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।

संवाद सूत्र, योगापट्टी। योगापट्टी थाना क्षेत्र के बलुआ भवानीपुर पंचायत की वार्ड संख्या तीन परेगवा अवधिया टोला गांव में सोमवार की शाम में पारिवारिक कलह के कारण एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान थाना क्षेत्र के परेगवा अवधिया टोला गांव निवासी नंदलाल कुशवाहा की पत्नी इंदू देवी (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है। थानाध्यक्ष सम्राट सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। महिला के गले में साड़ी का फंदा मिला है।
स्थानीय लोग भी पारिवारिक झगड़ा में आत्महत्या की बात कह रहे हैं। फिलहाल, पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। अभी तक मृतका के मायकेवालों ने आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने पर कांड दर्ज कर पुलिस जांच करेगी।
क्या है पूरा मामला?
बताया गया है कि सोमवार की सुबह में पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। महिला ने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह मायके आना चाहती है। वह रो रही थी।
शाम छह बजे के आसपास मृतका की सास घर से बाहर गई। उसका पति सुबह में झगड़ा करने के बाद घर से चला गया था। दोनों बच्चों को घर से बाहर निकाल कर महिला घर के छप्पर में लगे एस्बेस्टस के पाइप में साड़ी का फंदा लगाकर लटक गई। बच्चों ने घर से बाहर जाकर हल्ला किया तो ग्रामीण के साथ मृतका के पति नंदलाल कुशवाहा आए।
दरवाजा तोड़कर देखा तो महिला फांसी के फंदे पर लटकी मिली। इसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से महिला को इलाज के लिए गांव के एक चिकित्सक के पास ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत महिला के पिता बैरिया थाना क्षेत्र के मलाही गांव निवासी केदारनाथ प्रसाद ने बताया कि उसकी पुत्री इंदू देवी से सोमवार की दोपहर में फोन पर बात हुई। वह अपने मायके आने की बात कह रही थी। तभी देर रात उसकी मौत की खबर आई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।