सास ने छीन ली खाने की थाली, गुस्से में विवाहिता ने दी फंदे से लटकर कर जान
लौरिया पश्चिम चंपारण के गोबरौरा गांव में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर एक विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। मृतका संगीता कुमारी (25) थीं जिनके मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, बेतिया/लौरिया। लौरिया थाना क्षेत्र के गोबरौरा गांव में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे दहेज प्रताड़ना से तंग आकर विवाहिता ने खुदकुशी कर ली है। घटना को लेकर आस-पास इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतका लौरिया थाना क्षेत्र के गोबरौरा निवासी संजय राम उर्फ भूट्टू राम की पत्नी संगीता कुमारी (25) है।
वहीं, लौरिया थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को जीएमसीएच में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतका के मायके वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे है। आवेदन मिलने के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं जीएमसीएच में उपस्थित मृतका के मौसा लौरिया मठिया वृति टोला निवासी जोखन राम ने बताया कि घटना की सूचना गोबरौरा गांव के ग्रामीणों से मिली कि संगीता की मौत फांसी लगाने से हो गई है। सूचना के बाद वे लोग उसके घर पहुंचे, तो देखा कि शव दरवाजे पर पड़ा है। उसके गर्दन पर जख्म का निशान है।
वहीं ससुराल वाले घर छोड़ फरार है। उन्हाेंने बताया कि मृतका का मायका लौरिया थाना के लिपनी व्यासपुर चौक पर है। उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी। उसके दो संतान विकास कुमार (05) तथा एक लड़की (02) की है। उसके पिता रामचंद्र राम की विगत वर्ष मृत्यु हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि संगीता तीन बहन में सबसे छोटी थी। मृतका का पति संजय राम उर्फ भुट्टू राम केरल में रहता है। उन्होंने पति संजय राम उर्फ भुट्टू, ससूर मोति राम, सास जगरानी देवी सहित ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि दो लाख रुपया तथा मोटर साइकिल की मांग करते थे। इसको लेकर संगीता को ससुराल वाले खाना नहीं देते थे और मारपीट करते थे। जिससे तंग आकर संगीता ने आत्महत्या कर ली।
फोन पर मां को सुनाई थी संगीता आपबीती
मृतका के मौसा जोखन राम ने बताया कि संगीता की मां फुलमति कुंवर से गुरुवार की दोपहर करीब 02 बजे संगीता ने फोन की थी। जिसमें संगीता ने अपनी आपबीती बताई थी। उसकी मां द्वारा पता चला कि संगीता को विगत कई दिनों से खाना नहीं दिया जा रहा था। गुरुवार की सुबह खाना बनाने के बाद सबको खाना खिलाने के बाद भी संगीता की सास जगरानी देवी ने उसका खाना छीन लिया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।