नेपाल जाने वाले भारतीयों के लिए NO Entry, वाल्मीकिनगर बॉर्डर किया गया सील
नेपाल में हिंसक घटनाओं के बाद वाल्मीकिनगर बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने भारतीय नागरिकों के नेपाल में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह फैसला स्थानीय प्रशासन और एसएसबी के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लिया है। स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन जरूरतों के तहत जाने वाले व्यक्तियों को ही अनुमति दी जा रही है। नेपाल से आने वाले लोगों को पहचान पत्र दिखाना होगा।

जागरण संवाददाता, वाल्मीकिनगर। नेपाल में हुई हिंसक घटनाओं के बाद इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित वाल्मीकिनगर बॉर्डर को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए भारतीय नागरिकों के नेपाल में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह फैसला स्थानीय प्रशासन और सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, नेपाल के कई इलाकों में हुई हिंसक झड़पों और अस्थिर माहौल के चलते यह निर्णय लिया गया है ताकि सीमा क्षेत्र में शांति बनी रहे और किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
फिलहाल यह रोक केवल आम नागरिकों के लिए लागू है। केवल स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन जरूरतों के तहत जाने वाले व्यक्तियों को ही नेपाल में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
बॉर्डर पर तैनात सुरक्षा बल हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच कर रहे हैं। नेपाल से आने-जाने वाले वाहनों की भी कड़ी निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से सीमा पार न करें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। हालांकि नेपाल से आने वाले लोगों को पहचान पत्र दिखाकर आने जाने की छूट दी जा रही है।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया है कि जैसे ही नेपाल में स्थिति सामान्य होगी, सीमा पर लगी यह अस्थायी रोक हटा ली जाएगी। तब तक लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
वाल्मीकिनगर बॉर्डर आमतौर पर दैनिक व्यापार, रिश्तेदारी और स्थानीय जरूरतों के चलते काफी व्यस्त रहता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां से नेपाल आते-जाते हैं।बड़ी संख्या में भारतीय भी नेपाल जाते हैं।
लेकिन मौजूदा रोक से सीमावर्ती इलाके के लोगों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। खासकर नेपाल में कामकाज करने वाले भारतीय और रोजमर्रा की खरीदारी करने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस समय सीमा के दोनों ओर स्थिति पूरी तरह से प्रशासन की निगरानी में है और लोगों से सहयोग की अपील की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।