VTR जंगल सफारी के दौरान 50 मीटर की दूरी पर दिखी बाघिन और शावक, पटना के वैज्ञानिकों ने जिया अनूठा पल
VTR Manguraha Tigress Sighting: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मंगुराहा वन प्रक्षेत्र में जंगल सफारी के दौरान पटना के वैज्ञानिकों को ...और पढ़ें

वीटीआर के मंगुराहा जंगल में दिखी पटना से आए वैज्ञानिकों की टीम को दिखी बाघिन। सौ. पर्यटक
संवाद सूत्र, गौनाहा (पश्चिमी चंपारण)। VTR Wildlife Tourism News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) के मंगुराहा वन प्रक्षेत्र में जंगल सफारी के दौरान पटना से आई वैज्ञानिकों की टीम को जीवनभर याद रखने वाला अनूठा पल देखने को मिला।
खुले और प्राकृतिक वातावरण में मात्र 50 मीटर की दूरी से बाघिन और उसके दो शावकों की अठखेलियां देखने का दुर्लभ अवसर मिला। इस दौरान मां और बच्चों के बीच वात्सल्य व ममता का ऐसा अनूठा दृश्य दिखा, जिसने सभी को भावविभोर कर दिया।
50 मीटर से रोमांच
जंगल के बीच मां और शावकों के बीच का यह पल सफारी का सबसे यादगार और रोमांचक अनुभव बन गया। पटना से आए वैज्ञानिकों की टीम में शामिल डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि वे बाघ देखने की विशेष उम्मीद लेकर मंगुराहा पहुंचे थे। केवल 50 मीटर की दूरी से बाघिन और उसके दोनों शावकों को देखना उनके लिए बेहद अद्भुत रहा।

मां की ममता
सफारी के दौरान बाघिन कुछ देर तक अपने शावकों का इंतजार करती हुई दिखाई दी और करीब एक मिनट तक एक ही स्थान पर रुकी रही।
मां और बच्चों के बीच का यह दृश्य प्रकृति में मौजूद असीम ममता और उनके पारिवारिक व्यवहार की अनूठी झलक पेश कर रहा था। इसके साथ ही जंगल में पर्यटकों को हिरणों की विभिन्न प्रजातियों को भी करीब से देखने का मौका मिला।
मनमोहक अनुभूति
वैज्ञानिकों की टीम में शामिल डॉ. शिवानी ने बताया कि सुबह के समय जंगल का भ्रमण करना एक अलग ही सुखद अनुभूति देता है।
जंगल की शांति, पेड़-पौधों की हरियाली और वन्यजीवों की चहलकदमी ने सभी का मन मोह लिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के इतने करीब रहने से ही वन्यजीवों के इस अद्भुत संसार को बेहतर तरीके से समझा जा सकता है।

सुविधाओं की तारीफ
वैज्ञानिकों ने जंगल सफारी के दौरान वन विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पर्यटकों के लिए भ्रमण का काफी सुरक्षित और बेहतर इंतजाम किया गया है।
प्राकृतिक आवास में वन्यजीवों को इतने करीब से देखने का अवसर मंगुराहा को देश भर के पर्यटकों के लिए खास बनाता है।
यह भी पढ़ें- दीपावली पर उल्लुओं को खतरा, बिहार के वीटीआर में हाई अलर्ट, अंधविश्वास के नाम पर बनते हैं निशाना
यह भी पढ़ें- वीटीआर में संवर रहा लुप्त हो रहे गिद्धों का संसार, गोनौली में बना देश का नौवां संरक्षण केंद्र