दीपावली पर उल्लुओं को खतरा, बिहार के वीटीआर में हाई अलर्ट, अंधविश्वास के नाम पर बनते हैं निशाना
दीपावली पर अंधविश्वास के कारण उल्लुओं और अन्य वन्यजीवों के शिकार की आशंका को देखते हुए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दीपावली पर उल्लुओं के शिकार की आशंका से वन विभाग अलर्ट।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द, गश्ती बढ़ी।
शिकार रोकने हेतु नेपाल-यूपी सीमा पर विशेष निगरानी, टोल फ्री नंबर जारी।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा के नाम पर अंधविश्वास के कारण उल्लुओं और अन्य वन्यजीवों की जान पर खतरा मंडराने लगा है। तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के चक्कर में वन्यजीवों के शिकार की आशंका को देखते हुए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में वन विभाग अलर्ट हो गया है।
जंगल की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे जंगलों में विशेष निगरानी और गश्ती बढ़ा दी गई है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800 296 2222 जारी किया है।
उल्लुओं के शिकार की आशंका
डीएफओ विकास अहलावत ने बताया कि दीपावली के दौरान अंधविश्वास के कारण उल्लुओं सहित अन्य वन्यजीवों के शिकार की आशंका रहती है। कुछ लोग तंत्र-मंत्र और धार्मिक मान्यताओं के नाम पर इनका शिकार करने की कोशिश करते हैं। जबकि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत उल्लुओं सहित संबंधित संरक्षित वन्यजीवों का शिकार और तस्करी प्रतिबंधित है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टोल फ्री नंबर पर दें सूचना
वन विभाग ने जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। शिकार, वन्यजीवों की तस्करी, जंगल में आग लगाने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर टोल फ्री नंबर 1800 296 2222 पर सूचना देने को कहा गया है। इससे समय रहते कार्रवाई कर वन्यजीवों और वन संपदा को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
वनकर्मियों की छुट्टियां रद
दीपावली के दौरान आतिशबाजी से जंगल में आग लगने की आशंका को देखते हुए वीटीआर में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सभी वन क्षेत्रों में तैनात वनकर्मियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं। संवेदनशील इलाकों में गश्ती बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नेपाल और यूपी सीमा पर विशेष चौकसी
नेपाल और उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे वन क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। खुली सीमा का फायदा उठाकर शिकारियों के जंगल में प्रवेश करने की आशंका को देखते हुए गश्ती दलों को सक्रिय किया गया है।
सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और आवाजाही पर नजर रखी जा रही है, ताकि शिकार और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
यह भी पढ़ें- बिहार में थारू समाज की अनोखी दीपावली, न पटाखों का शोर और न दिखावा, प्रकृति में देखते हैं लक्ष्मी का रूप
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।