विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीबी-जी राम जी योजना में फर्जीवाड़ा: NMMS एप का क्लोन बनाकर सरकारी राशि गबन, पूर्वी चंपारण में FIR दर्ज

Published: Tue, 20 Oct 2026 07:52 AM (IST)

पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड में एनएमएमएस एप के क्लोन से मजदूरों की फर्जी हाजिरी लगाकर सरकारी राशि के गबन का मामला सामने आया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. NMMS ऐप क्लोन से फर्जी हाजिरी का खुलासा।

  2. कार्यस्थल पर मजदूर नहीं, ऐप पर उपस्थिति दर्ज।

  3. सरकारी राशि गबन पर प्राथमिकी, एक आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड की करमावा पंचायत में एनएमएमएस (नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम) ऐप के क्लोन के माध्यम से मजदूरों की फर्जी उपस्थिति दर्ज करने का मामला सामने आया है।

जांच में कार्यस्थल पर एक भी मजदूर नहीं मिला, जबकि मोबाइल एप पर लगातार मजदूरों की हाजिरी बनाई जा रही थी। मामले में सरकारी राशि के गबन की आशंका को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक आरोपित लालबाबू पासवान पुलिस हिरासत में है।

उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार ने इस अनियमितता के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की है। 18 अक्टूबर को सिकरहना (ढाका) के अनुमंडल पदाधिकारी ने करमावा पंचायत में वीबी-जी राम जी योजना के तहत संचालित दो योजनाओं की जांच की थी।

इनमें करमावा गांव में नए पंचायत भवन परिसर में मिट्टी भराई एवं पेवर ब्लॉक निर्माण तथा बहलोलपुर गांव में बिनोद राम के घर से थागा प्रसाद के घर तक नाला एवं पीसीसी निर्माण का कार्य शामिल था।

जांच के दौरान दोनों योजना स्थलों पर कोई मजदूर काम करते नहीं मिला। इसके बावजूद पंचायत भवन परिसर वाली योजना में 11 से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन 133 मजदूरों की तथा बहलोलपुर की योजना में 15 से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन 48 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की जा रही थी।

इस तरह प्रतिदिन कुल 181 मजदूरों की हाजिरी बनाई जा रही थी। जांच में ऐप पर फर्जी तरीके से फोटो अपलोड कर उपस्थिति दर्ज करने की बात सामने आई।

मेट के मोबाइल नंबर के इस्तेमाल पर सवाल

पंचायत में मजदूरों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए रूपमाला देवी मेट के रूप में निबंधित हैं। आरोप है कि उनके नाम से निबंधित मोबाइल नंबर का इस्तेमाल लालबाबू पासवान कर रहे थे। जांच प्रतिवेदन में रूपमाला देवी और लालबाबू पासवान की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है।

मामले में मो. रिजवान का नाम भी शामिल है।अनुमंडल पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्यक्रम पदाधिकारी, ढाका ने रूपमाला देवी, लालबाबू पासवान और मो. रिजवान के विरुद्ध ढाका थाना कांड संख्या 540/26, दिनांक 19 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है।

कर्मियों को नियमित जांच का निर्देश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अनुसंधान में किसी सरकारी कर्मी, पदाधिकारी या तकनीकी पदाधिकारी की संलिप्तता सामने आने पर उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों, कनीय अभियंताओं और पंचायत रोजगार सेवकों को एनएमएमएस ऐप से दर्ज होने वाली उपस्थिति की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है।

भविष्य में इस तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित कर्मियों और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

यह भी पढ़ें- बिहार में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और सुधार के लिए मिलेंगे चार मौके

यह भी पढ़ें- त्योहारों में गया जंक्शन पर बढ़ेगी यात्रियों की भीड़, डीआरएम ने स्टेशन पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा