त्योहारों में गया जंक्शन पर बढ़ेगी यात्रियों की भीड़, डीआरएम ने स्टेशन पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा
डीआरएम उदय सिंह मीना ने त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए गया जंक्शन का निरीक्षण किया। ...और पढ़ें

गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का जायजा लेते डीआरएम। जागरण
जागरण संवाददाता, गयाजी। पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और आवागमन व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है।
सोमवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU)मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) उदय सिंह मीना ने स्टेशन का निरीक्षण कर साफ-सफाई, निर्माण कार्यों, प्रतीक्षालयों और आगमन-प्रस्थान से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति और प्रगतिरत निर्माण कार्यों का अवलोकन किया।
प्रतीक्षालयों में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने महाबोधि एक्सप्रेस के प्रस्थान के दौरान यात्रियों के चढ़ने-उतरने और स्टेशन परिसर में उनके आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया।
सुगम आवागमन पर विशेष जोर
डीआरएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्टेशन परिसर में आवागमन सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी जरूरी है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
रेल प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को ध्यान में रखकर स्टेशन की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ स्टेशन पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।
