विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और सुधार के लिए मिलेंगे चार मौके

Published: Mon, 19 Oct 2026 09:09 PM (IST)

बिहार में आगामी पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है। पताही प्रखंड ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

संवाद सहयोगी, पताही (पूर्वी चंपारण)। बिहार में आगामी पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज हो गई है।

चुनाव में कोई पात्र मतदाता मतदान से वंचित न रहे, इसके लिए नए नाम जोड़ने से लेकर मृत, विस्थापित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के सत्यापन तक की प्रक्रिया पर जोर दिया जा रहा है।

इसी क्रम में पताही प्रखंड कार्यालय स्थित निर्वाचन कक्ष में बीएलओ और सुपरवाइजरों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत आवश्यक सुधार समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची की जांच

बैठक में कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूची की जांच करने को कहा गया। मृत, विस्थापित और दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर उनका सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया गया।

सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर उसे दूर करने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया, ताकि चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त किया जा सके।

चार तारीखों पर लगेंगे विशेष शिविर

प्रखंड क्षेत्र के प्रत्येक मतदान केंद्र पर नए मतदाताओं के पंजीकरण और सूची में सुधार के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर 18 और 25 अक्टूबर तथा 1 और 8 नवंबर 2026 को आयोजित होंगे।

इन शिविरों में पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए निर्धारित प्रपत्र भरवाकर जमा कराए जाएंगे। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की त्रुटियों को दूर करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

18 वर्ष पूरे कर चुके युवाओं पर विशेष जोर

बैठक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। निर्वाचन कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र युवाओं को जागरूक करें और उन्हें पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दें, ताकि कोई योग्य युवा मतदाता बनने से वंचित न रहे।

बैठक में मौजूद रहे निर्वाचन कर्मी

बैठक में रामप्रीत साह, चंद्र मोहन सिंह, अनिल कुमार, कमल किशोर साथी, शीलानाथ झा, ब्रजेश कुमार सिंह, आफताब आलम और संजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्वाचन कार्य से जुड़े कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें- मधुबनी के कमला बलान में बहता मिला युवती का शव, कौन थी वह और कैसे पहुंची नदी तक?