मधुबनी के कमला बलान में बहता मिला युवती का शव, कौन थी वह और कैसे पहुंची नदी तक?
Kamla Balan River : मधुबनी के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में कमला बलान नदी से एक अज्ञात युवती का शव बरामद ...और पढ़ें

Dead Body Investigation : मधुबनी में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस।
HighLights
कमला बलान नदी में मिला अज्ञात युवती का शव।
युवती की उम्र 20-25 वर्ष, पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस मामले की जांच में जुटी, रहस्य गहराया।
जागरण संवाददाता, अंधराठाढ़ी (मधुबनी)। बिहार में मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महरैल स्थित कमला बलान नदी में सोमवार को एक अज्ञात युवती का शव उपलता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में हलचल मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को महरैल में कमला बलान नदी में लोगों की नजर शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। शव की स्थिति को देखकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं, हालांकि काफी प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी।
20 से 25 वर्ष बताई जा रही उम्र
इस संबंध में रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजुला मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव युवती का प्रतीत हो रहा है। उसकी उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत चार से पांच दिन पहले हुई होगी।
थानाध्यक्ष के अनुसार, शव पर कमर में जींस पैंट पहनी हुई थी। शव की पहचान नहीं होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती कहां की रहने वाली थी और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई।
नदी में अज्ञात युवती का शव मिलने के बाद इलाके में कई सवाल उठ रहे हैं। युवती कौन थी, वह कहां की रहने वाली थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल मृतका की पहचान इस मामले में सबसे अहम पहलू बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
