बिहार में पशु तस्करों ने पुलिस पर किया जानलेवा हमला, दारोगा घायल; सर्विस रिवाल्वर और मोबाइल लूटा
पश्चिमी चंपारण के धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में पशु तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला हुआ जिसमें दारोगा प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने दारोगा का सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।

संवाद सूत्र, धनहा। धनहा थाना क्षेत्र के दहवा गांव में शुक्रवार की रात नौ बजे पशु तस्करी के खिलाफ छापेमारी के दौरान दो प्रदेशों की पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ।
हमले में धनहा थाना के एक दारोगा प्रमोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनका सर्विस रिवॉल्वर और मोबाइल भी छीन लिया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के पडरौना कोतवाली के एक दारोगा व दो सिपाही घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दहवा गांव से बड़े पैमाने पर पशु बिहार से यूपी ले जाए जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर यूपी पुलिस ने धनहा थाना से सहयोग मांगकर संयुक्त रूप से रुस्तम अंसारी नामक पशु तस्कर के घर पर छापेमारी की।
जैसे ही पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की। रुस्तम अंसारी और उसके गुर्गे और स्वजन अचानक हमलावर हो गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों पर बेरहमी से लाठी-डंडों से हमलाकर दिया।
घटना में धनहा थाना के दारोगा प्रमोद कुमार को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान उनका हथियार और मोबाइल लूट लिया गया।
कान से निकल रहा था खून
घायल अवस्था में किसी तरह से उन्हें दहवा सीएचसी लाया गया। जहां डॉ. कृष्ण कुमार ने उन्हें प्राथमिक इलाज दिया।
डॉक्टर के अनुसार प्रमोद कुमार के कान से तेज ब्लीडिंग हो रही थी और सिर में गहरी चोट थी। हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सरकारी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिस समय दारोगा इलाज के लिए आए थे। उनके पास सर्विस रिवाल्वर नहीं थी।थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि हमले में दारोगा घायल हुए हैं। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। देर रात पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।