नरकटियागंज प्रमुख व उपप्रमुख की कुर्सी छिनी
नरकटियागंज। स्थानीय प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ सदस्यों द्वारा लगाया गया अविश्वास प्रस्ताव 2
नरकटियागंज। स्थानीय प्रखंड प्रमुख और उप प्रमुख के खिलाफ सदस्यों द्वारा लगाया गया अविश्वास प्रस्ताव 27 सदस्यों के समर्थन के साथ पारित हो गया है। इसके साथ ही प्रमुख पद से रीना देवी और उप प्रमुख के पद से उपेंद्र यादव हटाए गए हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी राघवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पंचायत समिति सदस्यों द्वारा वर्तमान प्रमुख व उप प्रमुख के विरुद्ध अविश्वास लगाया गया था। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। 18 अगस्त को प्रमुख और उप प्रमुख पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के विरुद्ध 4 सितंबर को चर्चा की तिथि निर्धारित की गई। इस क्रम में पंचायत समिति के 30 सदस्य उपस्थित हुए। सर्वप्रथम प्रमुख रीना देवी पर अविश्वास को लेकर चर्चा शुरू हुई। चर्चा के बाद मतदान कराया गया, जिसमें 27 सदस्यों ने प्रमुख रीना देवी के विरुद्ध अविश्वास जताया। जबकि दो मत रद्द हो गए। एक मत रीना देवी के पक्ष में पड़ा। इस तरह रीना देवी को प्रमुख की कुर्सी खाली करनी पड़ी है । तदुपरांत उप प्रमुख उपेंद्र यादव के विरुद्ध चर्चा शुरू हुई। इसके बाद मतदान कराया गया। उप प्रमुख के खिलाफ अविश्वास में भी उपस्थित 30 सदस्यों में 27 सदस्यों ने अविश्वास के पक्ष में मतदान किया, जबकि दो मत रद्द हो गया। एक सदस्य ने अविश्वास के विरोध में मतदान किया। बता दें कि नरकटियागंज पंचायत समिति में सदस्यों की संख्या कुल 38 है। इसमें प्रमुख रीना देवी समेत आठ सदस्यों ने चर्चा और मतदान में हिस्सा नहीं लिया। जबकि 30 सदस्य उपस्थित रहे। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी राघवेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जिला पदाधिकारी को लिखा जाएगा। इसके बाद तिथि की घोषणा होगी। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर अगली प्रक्रिया की जाएगी। उल्लेखनीय है कि पंचायत समिति के इस कार्यकाल में दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव की नौबत आई है। पहली बार 2016 में 30 जून को सुशीला देवी और सरोज देवी क्रमश: प्रमुख और उप प्रमुख चुनी गई। इनके कार्य से नाराज पंचायत समिति सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया और सुशीला देवी और सरोज देवी को कुर्सी छोड़नी पड़ी। इसके बाद 16 अगस्त 2018 को रीना देवी प्रमुख और उपेंद्र यादव उपप्रमुख बने। फिर 2020 में इन दोनों प्रतिनिधियों के विरुद्ध पंचायत समिति सदस्यों ने आवाज बुलंद की। इनके क्रियाकलाप से नाराज सदस्यों ने 18 अगस्त 2020 को अविश्वास जताया और हस्ताक्षरित पत्र बीडीओ और एसडीओ को सौंपा, जिसके बाद चर्चा की तिथि निर्धारित की गई। आज प्रमुख रीना देवी और उप प्रमुख उपेंद्र यादव की कुर्सी छिन गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।