विदेश की चकाचौंध में भी नहीं भूली संस्कृति, छठ मनाने मेलबर्न से बिहार पहुंचा NRI परिवार
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाला एक एनआरआई परिवार छठ महापर्व मनाने हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर अपनी जन्मभूमि बगहा पहुंचा।

छठ मनाने बिहार आया एनआरआई परिवार। फोटो जागरण
HighLights
मेलबर्न से एनआरआई परिवार छठ मनाने बगहा पहुंचा।
अनुराग कुमार, प्रतिभा राज ने परिवार संग छठ मनाया।
अपनी संस्कृति, परंपरा से जुड़ाव का दिया संदेश।
जागरण संवाददाता, बगहा। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल सूर्योपासना का पर्व नहीं, बल्कि अपनी माटी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव का ऐसा अटूट बंधन है, जो सात समंदर पार रहने वालों को भी अपनी जन्मभूमि की ओर खींच लाता है।
इसकी एक खूबसूरत तस्वीर इस वर्ष बगहा में देखने को मिली, जब ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहने वाला एक एनआरआइ परिवार हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर छठ मनाने अपनी जन्मभूमि पहुंचा।
विदेश की आधुनिक जीवनशैली के बीच अपनी संस्कृति और परंपरा के प्रति इस परिवार का लगाव नगर में चर्चा का विषय बना रहा।
मेलबर्न से छठ मनाने पहुंचे अनुराग और प्रतिभा
नगर के सिटी मांटेसरी स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. सीमा स्वधा एवं प्रमोद कुमार गुप्ता के पुत्र अनुराग कुमार अपनी पत्नी प्रतिभा राज के साथ मेलबर्न से बगहा पहुंचे। अनुराग कुमार ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड बैंक (एएनजेड) में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं।
वहीं, उनकी पत्नी प्रतिभा राज सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इस पावन अवसर पर उनकी पुत्री ऋचा गुप्ता और दामाद राजेश गुप्ता भी पटना से सपरिवार बगहा पहुंचे और छठ महापर्व में शामिल हुए।
घर लौटे अपनों का हुआ आत्मीय स्वागत
वर्षों बाद परिवार के सदस्यों के एक साथ जुटने से घर में उत्सव जैसा माहौल रहा। अनुराग और राजेश के सपरिवार पहुंचने पर भाई सौरभ के. स्वतंत्र ने उनका गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। घर के आंगन में छठी मैया के पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई देने लगी।
'कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...' जैसे पारंपरिक गीतों के बीच पूरा परिवार छठ की तैयारियों में जुटा नजर आया। पारंपरिक परिधानों में सजे परिवार के सदस्यों ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ पूजा-अर्चना की।
विदेश की चकाचौंध पर भारी अपनी माटी का मोह
मेलबर्न जैसे शहर में रहने के बावजूद छठ पर्व मनाने के लिए बगहा लौटना इस परिवार के लिए अपनी जड़ों से जुड़ने का विशेष अवसर रहा।
घाटों पर सूप-दउरा लेकर पहुंचने और पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करने के पीछे केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का भाव भी दिखाई दिया।
परिवार ने विधि-विधान से भगवान भास्कर की आराधना कर छठी मैया से देश-दुनिया में रहने वाले लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस परिवार की वापसी ने यह संदेश दिया कि इंसान रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच जाए, लेकिन अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से उसका रिश्ता कभी कमजोर नहीं होता।
बगहा में इस एनआरआइ परिवार की मौजूदगी ने छठ महापर्व की महिमा और अपनी माटी के प्रति प्रेम की एक भावुक तस्वीर पेश की।
यह भी पढ़ें- 'हम बिहारी... सब पर भारी'; देव में ओडिशा DGP की पत्नी ने किया छठ, घाट पर दिखा अद्भुत संयोग
यह भी पढ़ें- भागलपुर में छठ का नया ट्रेंड: घाटों की भीड़ से बचने को छतों पर बने कुंड, विधायक रोहित पांडेय ने भी घर पर दिया अर्घ्य