विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'हम बिहारी... सब पर भारी'; देव में ओडिशा DGP की पत्नी ने किया छठ, घाट पर दिखा अद्भुत संयोग

Published: Mon, 16 Nov 2026 03:15 PM (IST)

विश्वप्रसिद्ध सूर्य नगरी देव में चार दिवसीय छठ महापर्व उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ, जिसमें ओडिशा के डीजीपी की ...और पढ़ें

देव के सूर्यकुंड तालाब पर डीएम अभिलाषा शर्मा से बात करतीं ओडिशा डीजीपी की पत्नी ममता मिश्रा। जागरण

देव के सूर्यकुंड तालाब पर डीएम अभिलाषा शर्मा से बात करतीं ओडिशा डीजीपी की पत्नी ममता मिश्रा। जागरण

HighLights

  1. छठ महापर्व देव में उषा अर्घ्य के साथ संपन्न हुआ।

  2. ओडिशा डीजीपी की पत्नी ममता मिश्रा ने छठ व्रत किया।

  3. झारखंड के मांडू विधायक ने भी परिवार संग अर्घ्य दिया।

मनीष कुमार, औरंगाबाद। विश्वप्रसिद्ध सूर्य नगरी देव में सोमवार की सुबह उषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो गया। लोक आस्था और सूर्य उपासना के इस पर्व में देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने सूर्यकुंड में अर्घ्य दिया और ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में भगवान भास्कर के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

देव छठ की महिमा और धार्मिक मान्यताओं से आकर्षित होकर दक्षिण भारत के कई शहरों से लोग पहुंचे। आयोजन में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का संगम देखने को मिला। ओडिशा के डीजीपी विनयतोष मिश्रा की पत्नी ममता मिश्रा अपनी मां और अन्य स्वजन के साथ देव पहुंचीं।

उन्होंने छठ किया और सूर्यकुंड में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मंदिर में दर्शन किए। उनके साथ कर्नाटक सहित दक्षिण भारत के अन्य क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने सूर्य उपासना की।

दैनिक जागरण से बातचीत में ममता ने कहा कि देव आने पर उन्हें एक खास अनुभूति हुई कि हम बिहारी हैं, सब पर भारी हैं। मिथिला की रहने वाली ममता ने कहा कि यहां पहले डूबते और फिर उषा सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा सनातन संस्कृति को मजबूत करती है और समाज को कई संदेश देती है।

उनके अनुसार, ओडिशा के कोणार्क में विश्वप्रसिद्ध सूर्य मंदिर है, लेकिन वहां देव जैसी अर्घ्य देने की परंपरा नहीं है। देव के सूर्य मंदिर और यहां के छठ महापर्व की महत्ता शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है।

उन्होंने कहा कि देव में हर वर्ग के लोग एक साथ भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। चार दिन के पर्व में सूर्य की किरणों से मिलने वाली ऊर्जा और आस्था का अनुभव अद्भुत है।

ममता ने बताया कि वह बचपन से देव के बारे में जानती हैं। उनके पिता विद्यानंद झा औरंगाबाद में भूमि सुधार उपसमाहर्ता रह चुके हैं, इसलिए देव से उनका पुराना परिचय है।

डीजीपी की पत्नी के साथ अर्घ्य देना यादगार पल

सूर्यकुंड में ममता मिश्रा के पास अर्घ्य दे रहे ओडिशा पुलिस के जवान सूर्यकांत कुमार भोजपुर के सहार निवासी हैं। उन्हें पता चला कि उनके डीजीपी की पत्नी भी उसी घाट पर अर्घ्य दे रही हैं, तो उन्होंने यह बात अपने स्वजन को बताई और इस पल की तस्वीर मोबाइल में संजोई।

सूर्यकांत ने कहा कि यह पहला अवसर है, जब वह अपने डीजीपी की पत्नी के साथ एक ही घाट पर सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। यह उनके जीवन का यादगार पल है।

मन्नत पूरी होने पर देव पहुंचे मांडू विधायक

झारखंड के मांडू विधायक निर्मल उर्फ तिवारी महतो ने पत्नी और स्वजन के साथ सूर्यकुंड पर अर्घ्य देकर सूर्य मंदिर में दर्शन किया। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की देव में छठ करने की मन्नत थी।

विधायक बनने के बाद वे परिवार के साथ यहां व्रत करने पहुंचे। एक न्यायाधीश की पत्नी और उनके स्वजन ने देव में छठ व्रत किया।

उन्होंने कहा कि सूर्य मंदिर और सूर्यकुंड सूर्य उपासना के प्रमुख केंद्र हैं और यहां छठ की परंपरा व धार्मिक महत्ता अद्वितीय है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का पहुंचना देव की आध्यात्मिक पहचान और छठ के प्रति अटूट आस्था दर्शाता है। नई दिल्ली के एक सेवानिवृत्त जज के स्वजन भी देव में छठ व्रत करने पहुंचे थे।

यह भी पढ़ें- पेरिस के एफिल टावर के सामने क्रूज पर गूंजे छठी मैया के गीत, 150 भारतीयों ने दिया अर्घ्य

यह भी पढ़ें- एक ही छत के नीचे जुटीं 4 पीढ़ियां, 95 सदस्य और एक रसोई...छठ महापर्व पर रोहतास में दिखा अद्भुत नजारा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।