एक ही छत के नीचे जुटीं 4 पीढ़ियां, 95 सदस्य और एक रसोई...छठ महापर्व पर रोहतास में दिखा अद्भुत नजारा
डेहरी के सोनी परिवार की चार पीढ़ियों के 95 सदस्य छठ महापर्व पर एकजुट हुए, जो पारिवारिक एकता और प्रेम की अनूठी मिसाल पेश करता है।
-1794813977012_m.webp)
छठ पर जुटा पूरा परिवार। (जागरण)
HighLights
सोनी परिवार की चार पीढ़ियां छठ पर डेहरी में एकजुट।
95 सदस्य पारिवारिक एकता, प्रेम की मिसाल पेश करते हैं।
जन्मभूमि से जुड़ाव बनाए रखने की अनूठी परंपरा।
उपेंद्र मिश्र, डेहरी आन सोन (रोहतास)। आज के दौर में जहां छोटी-छोटी बातों पर परिवार बिखर रहे हैं और रिश्तों के बीच दूरियां बढ़ रही हैं, वहीं डेहरी में जन्मे दीपक सोनी का परिवार पारिवारिक एकता, प्रेम और आपसी विश्वास की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।
छठ महापर्व के अवसर पर सोनी परिवार की चार पीढ़ियों के करीब 95 सदस्य एक साथ डेहरी में जुटे हैं। परिवार की दो महिलाएं छठ व्रत कर रही हैं।
इस परिवार का डेहरी से जुड़ाव करीब नौ दशक पुराना है। डालमियानगर में वर्ष 1933 में रोहतास इंडस्ट्रीज की स्थापना के बाद राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ से स्व. महाबीर प्रसाद सोनी डेहरी पहुंचे थे।
उन्होंने यहां आभूषण का कारोबार शुरू किया। बाद में उनके पुत्र गोपी राज सोनी और राजकुमार सोनी ने भी इस कारोबार में हाथ बंटाया और पारिवारिक व्यवसाय को आगे बढ़ाया।
रोहतास इंडस्ट्रीज के वर्ष 1984 में बंद होने के बाद डेहरी की अर्थव्यवस्था प्रभावित हुई। बदलते आर्थिक हालात के बीच परिवार की तीसरी पीढ़ी के दीपक सोनी वर्ष 2012 में अपने सात भाइयों के साथ कोलकाता चली गई। वहां कारोबार का विस्तार किया।
अलग-अलग शहरों में बसा परिवार
आज परिवार के सदस्य भागलपुर, झारखंड के कोडरमा और छत्तीसगढ़ के कोरबा सहित विभिन्न स्थानों पर कारोबार कर रहे हैं।
हालांकि, कारोबार के सिलसिले में भले ही परिवार अलग-अलग शहरों में बस गया हो, लेकिन डेहरी से उनका भावनात्मक रिश्ता आज भी कायम है।
इसी रिश्ते को जीवंत रखने के लिए सोनी परिवार प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर पांच दिनों के लिए डेहरी पहुंचता है। इस दौरान होटल में सभी सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था की जाती है और पूरे परिवार का भोजन एक ही स्थान पर तैयार होता है।
इकट्ठा हुए 95 सदस्य
छठ व्रतियों के बीच प्रसाद वितरण के साथ जागरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी परिवार के करीब 95 सदस्य एक साथ जुटे हैं और पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मना रहे हैं।
दीपक सोनी कहते हैं कि परिवार की एकता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। छठ के अवसर पर सभी सदस्यों का एक साथ जुटना और मिल-जुलकर खुशियां मनाना परिवार की वर्षों पुरानी परंपरा है।
नई पीढ़ी को भी इस परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया जाता है, ताकि आपसी प्रेम और रिश्तों की अहमियत बनी रहे।
एक ऐसे समय में जब एकल परिवारों का चलन बढ़ रहा है और पारिवारिक रिश्तों में दूरियां देखने को मिल रही हैं, सोनी परिवार यह संदेश दे रहा है कि आपसी विश्वास, त्याग और सहयोग से बड़े परिवार को भी एकजुट रखा जा सकता है।
सचमुच, चार पीढ़ियों का यह मिलन केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी जन्मभूमि, परंपरा और रिश्तों से जुड़े रहने की प्रेरक कहानी है।
यह भी पढ़ें- 11 महिलाएं कर रहीं छठ, 60 किलो बन रहा ठेकुआ; बिहार के 75 सदस्यों वाले परिवार की अनूठी परंपरा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।