11 महिलाएं कर रहीं छठ, 60 किलो बन रहा ठेकुआ; बिहार के 75 सदस्यों वाले परिवार की अनूठी परंपरा
जहानाबाद के घोसी प्रखंड स्थित सेरथुआ गांव का एक 70-75 सदस्यीय परिवार चार पीढ़ियों से एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश ...और पढ़ें

परिवार की छठ व्रती महिलाएं। जागरण
HighLights
70-75 सदस्यों का परिवार चार पीढ़ियों से एकजुट है।
एक चूल्हे पर बनता है पूरे परिवार का सामूहिक भोजन।
छठ पूजा पर परिवार की एकजुटता और भी खास दिखती है।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। आज के दौर में जहां छोटे-छोटे परिवार भी आपसी मतभेदों के कारण बिखर रहे हैं, वहीं जहानाबाद के घोसी प्रखंड स्थित सेरथुआ गांव का एक परिवार एकजुटता की अनूठी मिसाल पेश कर रहा है।
करीब 70-75 सदस्यों वाले इस परिवार में चार पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन बंटवारे की नौबत नहीं आई। यहां सिर्फ रिश्ते ही साझा नहीं हैं, बल्कि रसोई, भोजन, खुशियां और जिम्मेदारियां भी सबकी हैं।
इस परिवार की सबसे खास पहचान है एक चूल्हे पर पकने वाला सामूहिक भोजन। घर की महिलाएं आज भी एक जगह जुटकर मिट्टी के चूल्हे पर लकड़ी से पूरे परिवार के लिए खाना बनाती हैं।
परिवार के करीब 40-45 सदस्य नियमित रूप से घर में रहते हैं और सभी एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। घर में सदस्यों के लिए अलग-अलग कमरे जरूर हैं, लेकिन दिलों के बीच कोई दीवार नहीं है।
छठ पर एक साथ जुटा पूरा कुनबा, 11 महिलाएं कर रहीं व्रत
लोक आस्था के महापर्व छठ पर परिवार की एकजुटता और भी खास हो जाती है। पर्व मनाने के लिए परिवार के लगभग सभी सदस्य गांव पहुंचे हैं।
घर की 11 महिलाएं छठ व्रत कर रही हैं। वहीं, प्रसाद के लिए सामूहिक रूप से 50 से 60 किलो ठेकुआ तैयार किया जा रहा है।
छठ की तैयारियों में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। कोई प्रसाद बनाने में मदद कर रहा है तो कोई अन्य व्यवस्थाओं में जुटा है।
पर्व का खर्च हो या इंतजाम, हर जिम्मेदारी मिल-जुलकर निभाई जाती है। इस तरह छठ पूरे परिवार को एक साथ जोड़ने का अवसर बन जाता है।
सेना से सचिवालय तक, परिवार के सदस्य निभा रहे अलग-अलग जिम्मेदारियां
70 वर्षीय बृजनंदन शर्मा परिवार के मुखिया हैं। उनके सात भाई और दो बहनें थीं। एक भाई का निधन हो चुका है। परिवार की अगली पीढ़ी के 11 पुत्र और 12 पुत्रियां अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
कोई शिक्षक है तो कोई सेना में देश की रक्षा कर रहा है। कुछ सदस्य सचिवालय और पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जबकि कई खेती-किसानी से जुड़े हैं।
परिवार के सुनील शर्मा हजारीबाग में एसआइ के पद पर तैनात हैं। रामप्रवेश शर्मा उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिरी में शिक्षक हैं।
रामसिया शर्मा सेना से सेवानिवृत्त हैं। गौतम कुमार सचिवालय में कार्यरत हैं, जबकि निरंजन शर्मा सेना में जवान हैं। उत्पलकांत घोसी के भारथु स्कूल में शिक्षक हैं।
एक की परेशानी पूरे परिवार की जिम्मेदारी
शिक्षक रामप्रवेश शर्मा बताते हैं कि परिवार में किसी की शादी हो, बीमारी में इलाज का खर्च उठाना हो या किसी को दूसरी जरूरत पड़े, सभी सदस्य मिलकर जिम्मेदारी निभाते हैं।
किसी एक की परेशानी पूरे परिवार की परेशानी बन जाती है और किसी की खुशी में सभी शामिल होते हैं। उनके अनुसार, परिवार की एकता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
त्योहारों पर सभी का एक साथ जुटना और मिल-जुलकर खुशियां मनाना वर्षों पुरानी परंपरा है। आज जब एकल परिवारों का चलन बढ़ रहा है, तब सेरथुआ का यह परिवार बताता है कि आपसी विश्वास, त्याग और सहयोग से कई पीढ़ियों तक रिश्तों की डोर मजबूत रखी जा सकती है।
यहां अलग-अलग पेशों और जिम्मेदारियों के बावजूद सबकी रसोई एक है और खुशियां भी साझा हैं।