Majhaulia News: पुलिस की गिरफ्त से भाग निकले चोर, जुर्माना ने देने पर पंचायत ने करावाया था गिरफ्तार
मझौलिया के महानवा रामपुरवा पंचायत में चोरी के आरोप में पकड़े गए चार किशोर पुलिस हिरासत से फरार हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें पुलिस को सौंपा था लेकिन पुलिस की लापरवाही से वे भाग निकले। परिजनों के अनुसार पंचों ने चारों पर 30-30 हजार रुपये का जुर्माना लगाया था जिसे देने में वे असमर्थ थे।

संवाद सूत्र, मझौलिया। महानवा रामपुरवा पंचायत वार्ड संख्या 14 में चोरी के आरोप में ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चार किशोर बुधवार की सुबह पुलिस हिरासत से फरार हो गए। ग्रामीणों ने पंचायती के बाद चारों किशोरों को पकड़कर 112 पुलिस टीम को सौंपा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरों को हवालात में नहीं रखा गया था, बल्कि एक सामान्य कमरे में बैठाया गया था। बुधवार की सुबह चारों शौच जाने का बहाना बनाते हुए पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गए। फरार किशोरों के स्वजन ने बताया कि गांव में पंचों द्वारा चारों पर चोरी के आरोप में 30-30 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया था।
गरीब परिवारों के लिए इतनी बड़ी रकम जुटा पाना संभव नहीं था। इसलिए परिजनों ने जुर्माना की राशि देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद गांव वालों ने ही पुलिस बुलाकर बच्चों को सौंप दिया था। परिजन जब सुबह थाना पहुंचे तो देखा कि चारों किशोर थाने में मौजूद नहीं हैं और घर भी नहीं लौटे हैं।
बताया जाता है कि हाल के दिनों में गांव के कई लोगों की साइकिल चोरी हुई थी। दो किशोरों को पहले ग्रामीणों ने पकड़ा था। उसके बाद उनके बताने पर दो अन्य किशोरों को पकड़कर ग्रामीण पंचों ने जुर्माना लगा दिया, जबकि चारों किशोर चोरी की बात से इंकार कर रहे थे।
मामले में थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि चारों किशोर हैं, इसलिए उन्हें हवालात में नहीं रखा गया था। ग्रामीणों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया था। संभावना है कि चारों शाम तक अपने घर लौट जाएं। मामले की जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।