बेंतिया में मामूली विवाद में युवक को मारी गोली, बाएं जांघ और पेट में लगा छर्रा
बेतिया के बानुछापर थाना क्षेत्र के औरैया गांव में मामूली विवाद में आजाद पंसारी नामक एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। घायल आजाद को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि खेती के औजारों को नुकसान पहुंचाने से रोकने पर विवाद हुआ जिसके बाद गांव के ही दो भाइयों ने उस पर फायरिंग कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, बेतिया। बानुछापर थाना क्षेत्र के औरैया गांव में रविवार की शाम मामूली विवाद में औरैया निवासी स्व. फिदा हुसैन अंसारी के पुत्र आजाद पंसारी (30) को निशाना बना उसके गांव के ही दो सगे भाइयों ने फायरिंग कर दिया।
फायरिंग करने के बाद दोनों भाई फरार हो गए। घटना में आजाद जख्मी हो गया। आनन-फानन में स्वजनों ने इलाज के लिए उसे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।
जीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार हो रहा है। आजाद के बाएं जांघ व पेट पर छर्रा लगा है। जीएमसीएच के चिकित्सकों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताया है। आजाद कारपेंटर का काम करता है।
जख्मी आजाद ने बताया कि गांव में उनका खलिहान है। जहां खेती के औजार, टायर गाड़ी, फार आदि रखा गया है। रविवार को काम से लौट कर घर आया था। घर से फ्रेश होकर चौक पर जा रहा था। खलिहान में देखा कि गांव के कुछ लड़के वहां खेल रहे हैं और खेती के औजार को नुकसान पहुंचा रहे थे।
आजाद ऐसा करने से मना किया। इसे लेकर हल्की कहासुनी हुई। तभी वहीं के गुड्डू शर्मा व उसका भाई आए और बहस करने लगे। मारपीट करने के बाद उस पर फायरिंग कर दिए।
आजाद ने बताया कि एक साल पहले गुड्डू शर्मा ने चाकू दिखाकर जान मारने की धमकी दिया था। हालांकि, पूर्व से उन लोगों के बीच कोई विवाद नहीं है। इस बावत बानुछापर थानाध्यक्ष बबलू यादव ने बताया कि घटना की सूचना पर वे अस्पताल में आए हैं। घटना के बारे में जानकारी ले रहे हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।