विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 साल पहले बेतिया की सड़कों पर चलाई थी साइकिल, अब CM बनकर आ रहे सम्राट चौधरी; इस बार क्या है खास?

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:28 PM (IST)

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का 26 नवंबर को बेतिया आगमन राजनीतिक और पुरानी यादों के लिहाज से खास होगा, क्योंकि मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली यात्रा है।

तीन वर्ष पूर्व बेतिया की सड़क पर साइकिल यात्रा में सम्राट चौधरी। सौ. सांसद

तीन वर्ष पूर्व बेतिया की सड़क पर साइकिल यात्रा में सम्राट चौधरी। सौ. सांसद

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का 26 नवंबर को बेतिया में आगमन।

  2. पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए साइकिल से किया था शहर भ्रमण।

  3. अब मुख्यमंत्री के रूप में एनडीए की पदयात्रा और जनसभा प्रस्तावित।

जागरण संवाददाता, बेतिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का 26 नवंबर को बेतिया आगमन राजनीतिक दृष्टिकोण से ही नहीं, पुरानी यादों के लिहाज से भी खास होगा। मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार नगर में पहुंच रहे हैं, लेकिन बेतिया की सड़कों और यहां के धार्मिक स्थलों से उनका पुराना जुड़ाव रहा है।

करीब तीन वर्ष पहले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए वे बेतिया आए थे। उस दौरान उन्होंने सागर पोखरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की थी। उनके इस दौरे की एक खास तस्वीर भी लोगों की स्मृतियों में दर्ज है, जब वे सांसद डॉ. संजय जायसवाल के साथ साइकिल से शहर की सड़कों पर निकले थे।

जून 2023 में बेतिया में साइकिल से किए थे भ्रमण

जून 2023 में बेतिया पहुंचे सम्राट चौधरी ने सागर पोखरा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की थी। इस दौरान उनके साथ पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल समेत भाजपा के कई नेता मौजूद थे।

मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद सम्राट चौधरी और सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने साइकिल से शहर का भ्रमण किया था। सागर पोखरा से लाल बाजार की ओर निकली इस साइकिल यात्रा को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुट गई थी।

राजनीतिक नेताओं को इस तरह साइकिल से शहर की सड़कों पर घूमते देख लोग भी उत्सुक नजर आए थे। उस समय सम्राट चौधरी भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष के साथ विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

अब बदल चुकी है राजनीतिक परिस्थितियां

अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष से लेकर उपमुख्यमंत्री तक का सफर तय करने के बाद सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में 26 नवंबर को उनका बेतिया आगमन एक नए राजनीतिक अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।

इस बार साइकिल से शहर भ्रमण की जगह सागर पोखरा से राज देवढ़ी तक एनडीए की पदयात्रा और राज देवढ़ी परिसर में जनसभा प्रस्तावित है।

पुराने दौरे में मंदिर में पूजा और साइकिल यात्रा के जरिए शहर से जुड़ाव दिखाने वाले सम्राट चौधरी अब मुख्यमंत्री के रूप में यहां पहुंचेंगे। उनके स्वागत को लेकर एनडीए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

यह भी पढ़ें- सहरसा को सौगात: MLA संजय की मांग पर चिराग का एक्शन, सम्राट चौधरी को पत्र लिख कर दी ये बड़ी गुजारिश

यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।