मुख्यमंत्री सम्राट पशु मेला तक सीमित नहीं रहेगा सोनपुर मेला, CM सम्राट चौधरी ने उद्घाटन समारोह में किए बड़े एलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर मेले के उद्घाटन पर सोनपुर के विकास का बड़ा खाका प्रस्तुत किया।

सोनपुर मेला का दीप प्रज्वलित का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व अन्य अतिथिगण सौ.पीआरडी
HighLights
सोनपुर बनेगा अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यटन का वैश्विक केंद्र।
हरिहरनाथ मंदिर के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे एक हजार करोड़।
गंगा एक्सप्रेस-वे, नारायणी पथ सहित कई विकास योजनाओं की घोषणा।
संवाद सूत्र, नयागांव (सारण)। बाबा हरिहरनाथ की नगरी सोनपुर से अब दुनिया के विकास का रास्ता दिखेगा। हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के उद्घाटन समारोह में रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास का बड़ा खाका खींचा।
वहीं ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर को विकसित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये खर्च करने की उनकी अहम घोषणा से इलाके के विकास में चार चांद आने वाले दिनों में लगने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि बाबा हरिहरनाथ के आशीर्वाद से सोनपुर का विकास 10 गुना तेजी से होगा। विश्वविख्यात मेले को पशु व्यापार तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसे बिहार की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और पर्यटन का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बाबा हरिहरनाथ मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की।
मंदिर को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। सोनपुर में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित कर स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ा जाएगा।
सरकार ने गिनाए काम
प्रस्तावित टाउनशिप पर उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। 100 कट्ठा जमीन वाले किसानों को विकसित क्षेत्र में 55 प्रतिशत जमीन लौटाने का प्रस्ताव है। स्वेच्छा से जमीन देने वालों को निर्धारित दर से 10 प्रतिशत अधिक मुआवजा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने गंगा से गाद निकालने, गंगा पर एक्सप्रेस-वे, सोनपुर से गोपालगंज तक नारायणी पथ और गंडक पुल को चार लेन करने की योजना भी बताई।
उन्होंने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी, 50 लाख करोड़ रुपये निवेश और एक करोड़ परिवारों को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा। 50 लाख महिलाओं को पशु सखी बनाने की योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2037 तक समृद्ध बिहार और 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा किया जाएगा। अतिथियों का स्वागत सारण प्रमंडल के आयुक्त मनीष कुमार, सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ देकर किया।
उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी,महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल,अमनौर विधायक कृष्ण कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य इं.सच्चिदानंद राय प्रो. डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत,मुख्यमंत्री के सचिव योगेश कुमार सिंह व सारण के एसएसपी रौशन कुमार आदि उपस्थित थे।