छठ का ठेकुआ एनर्जी का भंडार, मौसमी फलों से बढ़ती इम्युनिटी, प्राकृतिक खानपान का संदेश
Chhath Mahaprasad Health: छठ महापर्व में चढ़ाए जाने वाले ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, ...और पढ़ें

चिकित्सकों के अनुसार ये खाद्य पदार्थ ऊर्जा और इम्युनिटी बढ़ाते हैं।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। Chhath Puja 2026: लोक आस्था का महापर्व छठ केवल धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति से जुड़े खानपान और संतुलित पोषण का संदेश भी देता है।
पर्व में चढ़ाए जाने वाले नारियल, केला, गन्ना, शकरकंद, सिंघाड़ा, अदरक और मौसमी फल कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। वहीं, गेहूं, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ भी ऊर्जा का स्रोत है।
सेहत का खजाना
चिकित्सकों के अनुसार, इन खाद्य पदार्थों को संतुलित मात्रा में भोजन में शामिल करने से पोषण मिल सकता है। हालांकि, मधुमेह, हृदय और किडनी के मरीजों के साथ गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को निर्जला व्रत रखने से पहले चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
प्रसिद्ध जनरल फिजिशियन एवं डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. सनी कुमार सिंह के अनुसार, नारियल में फाइबर व उपयोगी वसा मिलती है।
ऊर्जा के स्रोत
केला में पोटैशियम और शकरकंद में बीटा कैरोटीन पाया जाता है। ये शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन और आंखों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं।
गन्ना और ठेकुआ ऊर्जा के स्रोत हैं, लेकिन मधुमेह के मरीजों को इनका सेवन सीमित करना चाहिए। उन्होंने बाजरा, ज्वार, रागी और मक्का जैसे मोटे अनाज को भी खानपान में शामिल करने की सलाह दी।

जनरल फिजिशियन एवं डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. सनी कुमार सिंह।
बरतें खास सावधानी
डॉ. सिंह ने कहा कि निर्जला व्रत मधुमेह, हृदय व किडनी के मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के लिए जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे लोगों को व्रत से पहले चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार के अनुसार, गन्ना, सिंघाड़ा, अदरक, डाब नींबू, सुथनी और ठेकुआ जैसे प्रसाद में कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं।
पोषक तत्व भरपूर
गन्ना प्राकृतिक शर्करा और खनिज तत्वों का स्रोत है, जबकि सिंघाड़े में फाइबर व पोटैशियम मिलता है। अदरक पाचन में मददगार है और डाब नींबू विटामिन-सी से भरपूर होता है।
सुथनी में फाइबर व एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ठेकुआ ऊर्जा देता है, लेकिन मधुमेह के मरीजों को मीठे प्रसाद का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
यह भी पढ़ें- छठ गीतों की असली 'पावर स्टार' हैं शारदा सिन्हा, पवन सिंह और खेसारी के दौर में भी गूंजती है उनकी आवाज
यह भी पढ़ें- टिकट नहीं मिला तो बेंगलुरु से ऑटो से पूर्वी चंपारण पहुंचे, छठ के प्रति आस्था ने दिलाई साइकिल गर्ल की याद