केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद बोले- बिहार में गुंडाराज, नीतीश-तेजस्वी की सरकार में खुलेआम मिल रही धमकी
नरकटियागंज भाजपा विधायक रश्मि वर्मा को धमकी मिलने के मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने नीतीश कुमार की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में आतंक का वातावरण कायम हो गया है। गुंडाराज है। विधि-व्यवस्था चौपट हो गई है।

पश्चिम चंपारण, जागरण संवाददाता। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय नरकटियागंज भाजपा विधायक रश्मि वर्मा को धमकी मिलने के मामले को लेकर नीतीश कुमार की सरकार पर खूब बरसे। उन्होंने कहा कि बिहार में आतंक का वातावरण कायम हो गया है। गुंडाराज है। विधि-व्यवस्था चौपट हो गई है। चारो तरफ भय का वातावरण है। अपराधी खुलेआम लोगों को धमकी दे रहे हैं। रंगदारी मांग रहे है।
नित्यानंद राय ने कहा कि हत्या, अपहरण और मां-बहनों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। खुलेआम लूट और डकैती हो रही है। अपराधियों द्वारा भय का वातावरण कायम करने के लिए गोलीबारी की जा रही है। बिहार में जब से नीतीश और तेजस्वी की महागठबंधन की सरकार बनी है, अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय सोमवार को नरकटियागंज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लौरिया में आयोजित कार्यक्रम के लिए जनता को आमंत्रित करने आए थे। यहां राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र दुबे, पूर्व एमएलसी लालबाबू प्रसाद, रेणु देवी और काफी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ नित्यानंद राय घर-घर जाकर लोगों से मिले।
मंत्री ने बताया कि 25 फरवरी को वाल्मीकिनगर लोकसभा के लौरिया में गृह मंत्री अमित शाह आम सभा को संबोधित करेंगे और जनता से आशीर्वाद लेंगे। उसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। नंदन गढ़ का भी दर्शन करेंगे। तत्पश्चात पटना में स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती पर आयोजित किसान मजदूर सम्मेलन में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व एमएलसी समेत पार्टी के कार्यकर्ता गृह मंत्री की सभा की सफलता के लिए दिन रात मेहनत कर हीं रहे हैं। लेकिन यहां अनोखी बात यह की मंत्री को सुनने के लिए पब्लिक आतुर है कि कब नेता लौरिया पहुंचें और उन्हें हम सुन सकें। वाल्मीकि और गांधी की धरती की जनता को हम सादर प्रणाम करते हैं। मंत्री के नरकटियागंज पहुंचते शहीद चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
केंद्रीय मंत्री ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनता को आमंत्रित करने का कार्यक्रम आरंभ किया। मौके पर पवन वर्मा, राजेश जायसवाल, हरिशंकर प्रसाद, मेहीलाल प्रसाद, पिंटू गुप्ता, चन्दु तिवारी, मनोज दुबे, मदन तिवारी, अर्जुन सोनी, दीपू रजक समेेत काफी संख्या मेंं कार्यकर्ता शामिल रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।