वाल्मीकिनगर बनेगा इको टूरिज्म हब, हवाई कनेक्टिविटी से बढ़ेगा बिहार का पर्यटन
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम चंपारण को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की बात कही, जिसमें वाल्मीकिनगर को इको टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजना है।

पश्चिम चंपारण के बेतिया में सभा को संबोधित करते सीएम सम्राट चौधरी । जागरण
संदेश तिवारी, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पश्चिम चंपारण को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि बेतिया जिला प्राकृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से समृद्ध है।
वाल्मीकिनगर जैसी पवित्र धरती को इको टूरिज्म के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए लव-कुश पार्क सहित पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपारण में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए वाल्मीकिनगर और रक्सौल में एयरपोर्ट विकसित करने की योजना है। मुजफ्फरपुर में भी बड़े एयरपोर्ट का काम शुरू होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से इस क्षेत्र में पर्यटकों का आवागमन आसान होगा।
एयरपोर्ट की सुविधा विकसित होने के बाद पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर की धार्मिक मान्यताओं, प्राकृतिक सुंदरता और इको टूरिज्म की संभावनाओं को जोड़कर इसे पर्यटन हब बनाया जाएगा।
इसके साथ ही क्षेत्र में होटल और ठहरने की सुविधाओं का भी विस्तार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से पश्चिम चंपारण को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर पहचान दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
बिहार में 43 लाख नहीं, 65 लाख परिवारों को दिए गए पक्के मकान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में गरीब परिवारों को मिले पक्के मकानों का आंकड़ा रखते हुए कहा कि योजना में किसी की जाति या धर्म नहीं पूछा जाता है। इसका लाभ जरूरतमंदों को दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 के बीच बिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाख परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है। इनमें 43 लाख मकानों का लक्ष्य पूरा होने का भी उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद वर्ष 2014 तक के करीब 70 वर्षों में बिहार में 70 लाख मकान भी नहीं दिए गए थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महज 12 वर्षों में 65 लाख परिवारों को आवास मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के करीब 10 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की चिंता कर रही है। राज्य की लगभग 14 करोड़ आबादी में बड़ी संख्या में लोगों को खाद्यान्न का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं के आंकड़े रखते हुए कहा कि बिहार में करीब 2.22 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें 1.92 करोड़ घरेलू उपभोक्ता हैं। राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सालाना 10 हजार रुपये की सहायता देने के साथ 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।