बिहार के युवाओं का अब मजदूरी के लिए नहीं होगा पलायन, यहीं मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बेतिया में कहा कि बिहार के युवाओं को अब मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा, सरकार राज्य में ही रोजगार और उद्योग के अवसर उपलब्ध कराएगी।

संविधान गौरव दिवस पर बेतिया के सागर पोखर से राज देवढ़ी परिसर तक आयोजित पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित सीएम सम्राट चौधरी। जागरण
HighLights
बिहार में ही रोजगार, युवाओं को पलायन नहीं करना पड़ेगा।
वैशाली में इलेक्ट्रॉनिक पार्क, 1 लाख रोजगार का लक्ष्य।
211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज, शिक्षा पर विशेष जोर।
सुनील आनंद, बेतिया(पश्चिम चंपारण)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि चंपारण की धरती ने महात्मा गांधी को महात्मा बनाया था। इसी धरती से लोकतंत्र को मजबूत करने और अराजकता के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश देने आया हूं। बिहार के युवाओं को अब मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।
हमारी सरकार बिहार में ही रोजगार और उद्योग के अवसर उपलब्ध कराएगी। वे गुरुवार को संविधान गौरव दिवस पर बेतिया के सागर पोखर से राज देवढ़ी परिसर तक आयोजित पदयात्रा के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करने और उसे मजाक बनाने की कोशिश करने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी।
पदयात्रा के दौरान मिले जनसमर्थन से स्पष्ट है कि लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के पक्ष में खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर को लेकर विपक्ष ने बिहार में भ्रम फैलाने का प्रयास किया। आरोप लगाया गया कि गरीबों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि बिहार में 65 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए, जिनमें करीब 36 लाख लोग दूसरे स्थानों पर चले गए थे, 22 लाख की मृत्यु हो चुकी थी और सात लाख लोगों के नाम दो जगह दर्ज थे। उन्होंने विपक्ष से पूछा कि ऐसा एक भी वास्तविक मतदाता सामने क्यों नहीं लाया गया, जिसका नाम गलत तरीके से काटा गया हो।
एक लाख करोड़ के निवेश से रोजगार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीए को विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटों पर जनता का समर्थन मिला है। सरकार इस विश्वास को विकास के काम से मजबूत करेगी। युवाओं को रोजगार देने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
वैशाली के पास करीब 1200 एकड़ में इलेक्ट्रानिक पार्क विकसित करने की योजना है। इसमें लगभग 50 हजार करोड़ रुपये के निवेश और एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। बिहार में सात स्थानों पर सीमेंट फैक्ट्री का काम भी शुरू हो गया है।
फाइलों के निष्पादन में देरी पर अधिकारियों को चेतावनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में आम लोगों के आवेदन लंबित रखने की प्रवृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्धारित समय में आवेदनों का निष्पादन करना होगा।
इसमें लापरवाही और गलत आदेश देने वाले पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने सहयोग कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि करीब 10.5 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं और बड़ी संख्या में मामलों का निष्पादन किया गया है।
बिहार के 211 प्रखंडों में नए डिग्री कालेज में हो रही पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि जिन 211 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज नहीं थे, वहां कॉलेज खोलने की पहल की गई । बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए मॉडल स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई और शिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराने पर भी काम हो रहा है। सरकार का प्रयास है कि बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़े।
उन्होंने राशन कार्ड योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि छूटे हुए गरीब परिवारों को भी योजना से जोड़ा जाएगा। लक्ष्य है कि 31 मार्च 2027 तक पात्र गरीब परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित बिहार का लक्ष्य उद्योग, शिक्षा, रोजगार और गरीबों के कल्याण से ही पूरा होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।