विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया की सड़कों पर दिखा NDA का शक्ति प्रदर्शन, भगवा झंडों के बीच मुख्यमंत्री की पदयात्रा

Published: Thu, 26 Nov 2026 03:36 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर बेतिया में एनडीए की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का नेतृत्व किया। हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ उन्होंने सागर पोखरा से राज देवढ़ी तक मार्च किया।

संविधान दिवस पर एनडीए की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के तहत बेतिया पहुंचे मुख्यमंत्री व अन्य। जागरण

संविधान दिवस पर एनडीए की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के तहत बेतिया पहुंचे मुख्यमंत्री व अन्य। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने संविधान दिवस पर बेतिया में पदयात्रा की।

  2. एनडीए कार्यकर्ताओं ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम किया।

  3. हजारों समर्थकों संग भगवा झंडों से शहर गूंजा।

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। संविधान दिवस पर गुरुवार को एनडीए की ओर से आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने सागर पोखरा से राज देवढ़ी तक पदयात्रा की।

हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ के साथ मुख्यमंत्री पैदल चलते हुए करीब 12 मिनट में राज देवढ़ी स्थित जनसभा स्थल पहुंचे। इस दौरान पूरा शहर भगवा झंडों से पटा नजर आया।

ढोल-नगाड़ों की गूंज और मुख्यमंत्री जिंदाबाद, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से पदयात्रा मार्ग गूंजता रहा। राज देवढ़ी पहुंचने पर मुख्यमंत्री का मंच पर स्वागत किया गया।

पदयात्रा में जिले के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता अपनी-अपनी अलग टोली में शामिल हुए। हर टोली के सबसे आगे संबंधित विधानसभा का बैनर था। उसके पीछे कार्यकर्ता हाथों में झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर कतारबद्ध चल रहे थे।

संबंधित विधानसभा के विधायक और अन्य नेता अपनी टोली का नेतृत्व कर रहे थे। महिलाओं के साथ युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भी अच्छी-खासी भागीदारी रही।

मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को सड़क किनारे जुटे लोग

मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए रास्ते में जगह-जगह गाजे-बाजे का इंतजाम किया गया था। ढोल-नगाड़े बज रहे थे। पावर हाउस चौक पर फूल बरसाकर स्वागत की व्यवस्था की गई थी।

मुख्यमंत्री तेज कदमों से आगे बढ़ते हुए हाथ उठाकर सड़क किनारे खड़े लोगों का अभिवादन कर रहे थे। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग उत्सुक दिखे। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

तख्तियों पर लिखे थे राजनीतिक नारे

कार्यकर्ताओं के हाथों में 'एक नागरिक, एक पहचान, भारत का वोट भारत की शान', 'जनादेश का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान', 'लोकतंत्र की हुंकार, अराजकता की हार', 'विपक्ष की कैसी नीति, अराजकता की राजनीति' और एसआईआर व घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस को निशाना बनाने वाले नारे लिखे थे।

पदयात्रा को लेकर शहर में उत्सवी माहौल रहा। पूरे मार्ग की सफाई कर पानी से धुलाई की गई थी। दोनों ओर बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग की गई थी और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात थे।

लाउडस्पीकर पर देशभक्ति गीत बज रहे थे। राज देवड़ी में मुख्यमंत्री मंच पर आ चुके हैं। कुछ ही देर में वे जनसभा को संबोधित करेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।