विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार: पुलिस हिरासत में बेतिया के 25 वर्षीय युवक की मौत, गाड़ी से कूदने के दौरान लगी थी चोट

Published: Mon, 12 Oct 2026 10:58 AM (IST)

बेतिया में पुलिस हिरासत में दिलशाद अंसारी (25) की मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि वह गाड़ी से ...और पढ़ें

HighLights

  1. बेतिया में पुलिस हिरासत में युवक दिलशाद अंसारी की मौत।

  2. पुलिस का दावा, गाड़ी से कूदने पर सिर में चोट लगी।

  3. परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए।

जागरण संवाददाता, बेतिया। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अवरहिया बढ़ई टोला वार्ड संख्या तीन निवासी दिलशाद अंसारी (25) की पुलिस अभिरक्षा में मौत हो गई।

एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार दिलशाद की मौत के बाद स्वजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस के अनुसार, गाड़ी से कूदकर भागने के दौरान गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। वहीं, घटना की परिस्थितियों को लेकर परिवार के लोगों ने सवाल खड़े किए हैं।

दिलशाद तीन भाइयों में सबसे छोटा था और एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी नगमा खातून और चार माह की बेटी है।

जवान बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बच्ची ने अभी ठीक से पिता को पहचाना भी नहीं था, उसके सिर से उनका साया उठ गया।

मृतक के पिता अकबर अंसारी ने बताया कि रविवार की रात करीब दो बजे बानूछापर और सहोदरा थाने की पुलिस दो गाड़ियों से उनके घर पहुंची थी। पुलिस दिलशाद को अपने साथ ले गई।

स्वजनों ने जब उसे ले जाने का कारण पूछा तो पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के लिए ले जाने की बात कही। बाद में परिवार को जानकारी मिली कि दिलशाद को एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

गाड़ी से कूदने के दौरान लगी चोट

अकबर अंसारी के अनुसार, बाद में परिवार को बताया गया कि दिलशाद पुलिस की गाड़ी से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसके पैर में चोट आई और पैर टूट गया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद स्वजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस की ओर से बताया गया कि गाड़ी से कूदने के दौरान गिरने से दिलशाद के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। घर चलाने वाले युवक की मौत से पत्नी और चार माह की बच्ची के भविष्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

स्वजन युवक को घर से ले जाने की परिस्थितियों और उसकी मौत के कारणों पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

 यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन बना प्रसव कक्ष! महिला पुलिसकर्मियों ने बचाई 2 जिंदगियां, झाझा में एकता, रेणु, मधु व महिमा का सराहनीय काम

यह भी पढ़ें- मंगलवार को घर आने का वादा कर गए मोनल, कुछ घंटे बाद मिली मौत की खबर; बड़े भाई संग बाइक खरीदने की अधूरी रह गई ख्वाहिश