संवाद सूत्र, जंदाहा (वैशाली)। जंदाहा थाना क्षेत्र के रसलपुर गांव में घर पर चढ़कर तलवार से हमला कर एक दंपती एवं उनके पुत्र को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया।
इस दौरान घर में लूटपाट भी की गई। सभी जख्मी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जंदाहा में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है।
इस मामले में जख्मी मोहन राय ने अपने ग्रामीण विपिन कुमार, पंकज कुमार, रंजन कुमार, सहित कल नौ लोगों के विरुद्ध जंदाहा थाना में नामजद प्राथमिकी कराई है। प्राथमिकी के आलोक में जंदाहा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पत्नी से मारपीट और अश्लील हरकत करने का लगाया आरोप
प्राथमिकी में मोहन राय ने बताया कि सोमवार की शाम करीब छह बजे वह अपने पत्नी एवं पुत्र के साथ अपने दरवाजे पर बैठे थे। उसी दौरान अचानक सभी आरोपित हाथ में तलवार एवं डंडा लेकर वहां पहुंच गाली-गलौज करते जानलेवा हमला कर दिया।
बताया गया है कि आरोपितों उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। वहीं अश्लील हरकत भी की गई। वहीं मारपीट के क्रम में ही आरोपितों ने उनकी जख्मी पत्नी के गले से सोने की चेन छीन ली। आरोपितों द्वारा तलवार से जानलेवा हमले किए जाने से उनकी पत्नी एवं पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
बताया है कि उनके शोर मचाने पर आरोपितों ने तलवार से प्रहार कर उनका सिर एवं नाक गंभीर रूप से जख्मी कर दिया तथा उनके जेब से मवेशी खरीद बिक्री का 50 हजार रुपया निकाल लिया।
बताया है कि आसपास के लोगों ने उन तीनों को गंभीर स्थिति में सरकारी अस्पताल जंदाहा पहुंचाया जहां इलाज जारी है।
बताया गया कि उनके परिवार में पति-पत्नी एवं पुत्र के अलावा कोई सदस्य नहीं था, जिस कारण से आरोपितों ने जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर घर में लूटपाट की। प्राथमिकी के आलोक में जंदाहा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुटी है।