विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेले में पापड़ी, खाजा और सोहन हलवा की धूम, 'मियां मिठाई' के स्वाद के भी मुरीद हैं लोग

Published: Fri, 27 Nov 2026 09:35 AM (IST)

Sonepur Mela 2026: सोनपुर मेले में बहराइच शरीफ की प्रसिद्ध मिठाइयों, खासकर 'मियां मिठाई' की खुशबू छाई हुई है, जिसमें पापड़ी, सोहन हलवा और खाजा प्रमुख हैं। 

सोनपुर मेला में बहराइच की प्रसिद्ध मिठाइयों की दुकान। जागरण

सोनपुर मेला में बहराइच की प्रसिद्ध मिठाइयों की दुकान। जागरण

HighLights

  1. सोनपुर मेले में बहराइच शरीफ की मिठाइयों की धूम।

  2. 'मियां मिठाई' परंपरा, स्वाद और गुणवत्ता का प्रतीक।

  3. पापड़ी, सोहन हलवा, खाजा पर्यटकों की पहली पसंद।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार भी उत्तर प्रदेश के बहराइच शरीफ की प्रसिद्ध मिठाइयों की खुशबू फैली हुई है।

लकड़ी बाजार रोड में सजे स्टाॅल खरीदारों को आकर्षित कर रहे हैं। हालांकि, समय के साथ बहराइच के पुराने मिठाई विक्रेताओं की संख्या में कमी आई है। मेले की शुरुआत से ही मुस्लिम व्यवसायी यहां मिठाइयों की दुकानें लगाते रहे हैं।

इसी वजह से स्थानीय बोलचाल में इन्हें ''मियां मिठाई'' कहा जाने लगा। बाद में हिंदू कारीगरों ने भी इस कला को अपनाया और अब यह किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है।

पहले लगती थी दो दर्जन से अधिक दुकानें

जानकारों के अनुसार, करीब दो दशक पहले मेले में बहराइच शरीफ के मुस्लिम समाज के पापड़ी विक्रेताओं की एक दर्जन से अधिक दुकानें लगती थीं।

इस बार बहराइच से महज तीन विक्रेता पहुंचे हैं। इनमें वारिश अली पापड़ी वाले की दो और रहमत अली पापड़ी वाले की एक दुकान शामिल है।

वहीं, बिहार के विभिन्न जिलों से आए विक्रेताओं की पापड़ी की दुकानें अधिक हैं। पुरानी दुकानों से खरीदारी करने वाले ग्राहकों का कहना है कि इन पुश्तैनी दुकानों के स्वाद और गुणवत्ता पर भरोसा है। इसलिए वे यहां से मिठाई खरीदना पसंद करते हैं।

पापड़ी, सोहन हलवा और खाजा की खूब मांग 

मेले में सजे स्टालों पर पापड़ी, खजूर, मंसूर, सोहन हलवा, खाजा, गोल बालूशाही, लड्डू और अन्य सूखी मिठाइयां उपलब्ध हैं।

सुनहरे कागज पर सजी मिठाइयां ग्राहकों को लुभा रही हैं। दुकानदार मौके पर ताजी और गरम मिठाइयां तैयार कर तराजू से तौलकर बेच रहे हैं।

पर्यटक स्वाद चखने के बाद खरीदारी कर रहे हैं। मेले में पहुंचे लोगों का कहना है कि सोनपुर आकर बहराइच की मिठाई नहीं चखी तो यात्रा अधूरी लगती है।

कई लोग परिवार के लिए भी मिठाइयां खरीदकर ले जा रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में इन मिठाइयों को लेकर उत्साह है।

पुराने दुकानदारों के अनुसार, सोनपुर मेले से उनका पीढ़ियों पुराना जुड़ाव है। उनके दादा-परदादा भी यहां दुकान लगाने आते थे। उनके लिए यह मेला केवल कारोबार का अवसर नहीं, बल्कि परंपरा और आस्था से जुड़ा पड़ाव भी है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेला में साधु-संतों का समागम, भक्तिरस में डूबा हरिहरक्षेत्र; 24 घंटे अष्टयाम और भंडारे की धूम

यह भी पढ़ें- विदेशी पर्यटकों को खूब लुभा रहा बिहार का सोनपुर मेला, स्विस कॉटेज में जापानी सैलानियों का डेरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।