सोनपुर मेला में साधु-संतों का समागम, भक्तिरस में डूबा हरिहरक्षेत्र; 24 घंटे अष्टयाम और भंडारे की धूम
कार्तिक पूर्णिमा पर हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला साधु-संतों के महासमागम से भक्तिमय हो उठा है। विभिन्न संप्रदायों के शिविरों में श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ, श्रीराम नाम संकीर्तन, अष्टयाम और भंडारे का आयोजन हो रहा है।

कीर्तन करते साधु-संत और दक्षिण निर्वाणी अखाड़ा के शिविर में आयोजित भंडारा। जागरण
HighLights
साधु-संतों का महासमागम, हरिहरक्षेत्र भक्तिमय हुआ।
श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ, श्रीराम नाम संकीर्तन जारी।
काली घाट पर 24 घंटे अष्टयाम, भंडारे की धूम।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला आध्यात्मिक रंगों में सराबोर हो उठा है। साधु गाछी, संत राम लखन दास पथ, काली घाट और सबलपुर संगम पथ पर साधु-संतों का महासमागम शुरू हो गया है।
संतों के शिविरों और मंचों पर भक्ति की अविरल धारा बह रही है। कहीं सगुण राम की मधुर धुन गूंज रही है, तो कहीं निर्गुण राम के कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
श्री गजेंद्र मोक्ष देवस्थानम दिव्य देश नौलखा मंदिर के यज्ञ मंडप में पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्य के मार्गदर्शन में श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ श्रद्धा के साथ चल रहा है।
वहीं, लोक सेवा आश्रम के सूर्य मंदिर में संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा के सानिध्य में श्रीराम नाम संकीर्तन निरंतर जारी है।
साधु गाछी क्षेत्र के विभिन्न घाटों और संत राम लखन दास मार्ग के किनारे सनातन हिंदू धर्म के अलग-अलग संप्रदायों के शिविर, पंडाल और तंबू सजाए गए हैं।
इनमें श्रीराम नाम संकीर्तन की गूंज सुनाई दे रही है। कबीरपंथी मठों और पंडालों में निर्गुण राम की भक्ति धारा प्रवाहित हो रही है, जबकि रामानंदीय और रामानुज संप्रदाय के शिविरों में सगुण राम के भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय बना हुआ है।
कहीं संकीर्तन और प्रवचन हो रहे हैं, तो कहीं श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। साधु गाछी स्थित श्री लक्ष्मीनारायण कांच मंदिर में श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा है।
यह मंदिर सोनपुर के तरेतपाली स्थान, नौबतपुर (पटना) से जुड़ा है। वहीं, श्री श्री 108 राम किशोर दास जी महाराज के शिविर में संकीर्तन और प्रवचन का आयोजन हो रहा है। इसकी व्यवस्था व्यवस्थापक रामकिशोर दास संभाल रहे हैं।
कबीरपंथी शिविरों में निर्गुण राम का गुणगान
कबीर आश्रम बघड़ा छावनी के सोनपुर मेला शिविर में कबीरपंथी साधुओं का जुटान हुआ है। यहां व्यवस्थापक सह संयोजक महंत डॉ. सुबोध साहब के नेतृत्व में निर्गुण राम के भजन गाए जा रहे हैं।
यह आश्रम कबीर आश्रम बघड़ा, समस्तीपुर से यहां पहुंचा है। इसके अतिरिक्त सिद्धाश्रम श्री रामानंदीय सह कबीर वैष्णव संघ के शिविर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं।
निर्वाणी अखाड़ा के शिविर में श्री श्री 108 श्रीराम कृपाल दास जी महाराज का खालसा सजा है। इसमें श्री श्री 108 मिथिला दास जी महाराज के शिष्य श्री श्री 108 राम कृपाल दास, श्री श्री 108 रूपसिंह दास के शिष्य श्री श्री 108 राम मतिद दास और श्री श्री 108 नंद किशोर दास के शिष्य श्री श्री 108 कन्हैया दास शामिल हैं। इनके साथ राम जानकी ठाकुरबाड़ी, धाम-गंज मथुरिया, थाना मकेर, सारण (बिहार) के संत भी मौजूद हैं।
काली घाट के पास 24 घंटे का अष्टयाम और भंडारा
काली घाट से सटे दक्षिणी क्षेत्र में श्री श्री 108 राजनंदन भारती उर्फ भुटेली बाबा और समस्त ग्रामवासियों की ओर से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 घंटे का अष्टयाम और भंडारा आयोजित किया गया है।
यहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में जगह-जगह पूजा सामग्री, चूड़ा, गुड़ और अन्य आवश्यक वस्तुओं की दुकानें सज गई हैं। इससे मेले की रौनक और बढ़ गई है।
लोक सेवा आश्रम में भगवान सूर्य और शनिदेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। वहीं बाबा हरिहरनाथ मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, काली मंदिर, आपरूपी गौरी शंकर मंदिर और गोकर्ण दास आश्रम मंदिर में भी दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।