204 साल पहले सोनपुर मेले में लगे थे 50 राजा और 50 नवाबों के शाही खेमे, बिके थे 50000 घोड़े
सोनपुर मेले का गौरवशाली इतिहास 204 वर्ष पूर्व 1822 में लगे मेले को दर्शाता है, जहां 50 राजाओं और 50 नवाबों सहित हजारों लोग शामिल हुए थे।
-1795810521007_m.webp)
एआई के माध्यम से बनाई गई तस्वीर।
HighLights
1822 में 50 राजाओं और 50 नवाबों का समागम।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-गंडक संगम में आस्था की डुबकी।
मेले में 50 हजार घोड़ों सहित विशाल पशु बाजार।
अवध किशोर शर्मा, हाजीपुर। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले का इतिहास बेहद गौरवशाली और वैभवपूर्ण रहा है।
आज से ठीक 204 वर्ष पूर्व, यानी वर्ष 1822 में लगे इस ऐतिहासिक मेले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देश भर के 50 राजाओं और 50 नवाबों ने अपने शाही खेमे लगाए थे।
इतना ही नहीं, 20 हजार उमराव व जमींदार और 400 वरिष्ठ अंग्रेज पदाधिकारी भी इस भव्य समागम का हिस्सा बने थे।
यह दुर्लभ ऐतिहासिक जानकारी प्रसिद्ध बंगला पत्रिका संवाद कौमुदी की रिपोर्ट में दर्ज है, जिसे सारण प्रमंडल के पूर्व आयुक्त एके विश्वास ने सार्वजनिक किया था।
28 नवंबर 1822 को कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा था आस्था का महाकुंभ
रिपोर्ट के अनुसार, 28 नवंबर 1822 को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुरू हुआ यह मेला सात दिनों तक चला था।
उस दौर में सोनपुर के कालीघाट और हाजीपुर के कौनहारा घाट पर गंगा और गंडक नदियों का संगम हुआ करता था।
कार्तिक पूर्णिमा के दिन संगम में डुबकी लगाने के लिए बिहार प्रांत से करीब 5 लाख स्त्री-पुरुष और 50 हजार ब्राह्मण जुटे थे। नदी के दोनों तट साधु-संतों के महामिलन, पूजा-पाठ और गंगा और नारायणी के जयघोष से गुंजायमान थे।
सोनपुर मेला के पशु बाजार में उमड़े थे 50 हजार घोड़े
बाबा हरिहरनाथ मंदिर के नाम पर प्रसिद्ध इस मेले का व्यापारिक स्वरूप उस समय भी बेहद विशाल था। मेले में खरीदारी के लिए अंग्रेजों के साथ-साथ स्थानीय व्यापारी भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे।
'संवाद कौमुदी' के आंकड़ों के मुताबिक उस वर्ष मेले में सर्वाधिक 50,000 घोड़े बिक्री के लिए आए थे, जिनके लिए 10,000 घोड़ा व्यापारी जुटे थे।
वहीं 5,000 गाय-बैल, 200 हाथी, ऊंट और 500 बकरी, भेड़, कुत्ते व बिल्लियों का बाजार सजा था। पक्षी और सामान्य व्यापार को लेकर मेले में 20,000 रंग-बिरंगी चिड़िया और 5,000 सामान्य दुकानदार मेले की रौनक बढ़ा रहे थे।
नृत्य-संगीत की महफिल से सजा था हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला
धार्मिक अनुष्ठानों और व्यापार के साथ-साथ मेले में मनोरंजन के भी भरपूर इंतजाम थे। आज की तरह उस दौर के लोग भी लोक कलाओं के दीवाने थे।
मेले में नृत्य, गीत और वाद्य यंत्रों के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनका आम श्रद्धालुओं से लेकर राजा-नवाबों तक ने भरपूर आनंद उठाया था।
यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में घोड़ों और विदेशी कुत्तों का जलवा: 1.85 लाख तक पहुंची कीमत, हस्की और पिटबुल बने आकर्षण का केंद्र