विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेले में 3.91 लाख रुपये में बिका एक घोड़ा, 1322 घोड़ों से गुलजार हुआ पशु बाजार; बकरी-भेड़ और कुत्तों की भी खूब मांग

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:20 PM (IST)

विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में घोड़ों की खरीद-बिक्री का बाजार खूब गुलजार है, जहां एक घोड़ा 3.91 लाख रुपये में बिका। मेले में कुल 1322 घोड़े मौजूद थे और बकरी, भेड़ व कुत्तों की भी अच्छी मांग देखी जा रही है, साथ ही पशुओं के इलाज की व्यवस्था भी है।

पशुओं की नस्ल और कीमत देखने पहुंच रहे खरीदार

पशुओं की नस्ल और कीमत देखने पहुंच रहे खरीदार

HighLights

  1. मेले में 3.91 लाख रुपये में बिका सबसे महंगा घोड़ा।

  2. कुल 1322 घोड़े मौजूद, 263 घोड़ों की हुई एक दिन में बिक्री।

  3. बकरी, भेड़, कुत्ते भी बिक रहे, पशु स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, छपरा(सारण)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में घोड़ों की खरीद-बिक्री का बाजार इन दिनों खूब गुलजार है। अलग-अलग नस्लों और कीमतों के घोड़ों को देखने के लिए पशुपालकों और व्यापारियों की भीड़ पहुंच रही है। पशुपालन विभाग की 26 नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, मेले में कुल 1322 घोड़े मौजूद थे।

इनमें से एक ही दिन में 263 घोड़ों की खरीद-बिक्री हुई। मेले में सबसे महंगा घोड़ा 3 लाख 91 हजार रुपये में बिका, जबकि सबसे कम कीमत 83 हजार रुपये दर्ज की गई।

एक दिन पहले 327 घोड़ों की हुई थी बिक्री

घोड़ों के कारोबार में लगातार तेजी बनी हुई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, 25 नवंबर को 327 घोड़ों की बिक्री हुई थी। इसके अगले दिन 263 घोड़ों का सौदा हुआ। कीमतों में भारी अंतर से मेले में पहुंचने वाले खरीदारों की दिलचस्पी भी बढ़ी है। व्यापारी घोड़ों की नस्ल, बनावट और उनकी विशेषताओं के आधार पर कीमत तय कर रहे हैं।

बकरी-भेड़ और कुत्तों का बाजार भी गुलजार

सोनपुर मेले में सिर्फ घोड़ों का ही आकर्षण नहीं है, बल्कि दूसरे पशुओं की खरीद-बिक्री भी जारी है। पशुपालन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मेले में बकरी और भेड़ की कुल 357 तथा श्वान (कुत्ते) की 162 उपस्थिति दर्ज की गई।

इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों के अन्य पशु भी मेले में पहुंचे हैं। अलग-अलग नस्लों के पशुओं को देखने और खरीदने के लिए दूर-दराज के इलाकों से पशुपालक और व्यापारी आ रहे हैं।

पशुओं की नस्ल और कीमत देखने पहुंच रहे खरीदार

पशु बाजार में व्यापारियों के साथ आम खरीदारों की भी आवाजाही बनी हुई है। पशुओं की नस्ल, उपलब्धता और कीमतों को लेकर खरीदार जानकारी जुटा रहे हैं। मेले में अलग-अलग श्रेणियों के पशुओं की मौजूदगी से बाजार की रौनक बढ़ी हुई है। पशुओं की खरीद-बिक्री का यह सिलसिला लगातार जारी है।

52 पशुओं का हुआ इलाज, टीकाकरण की सुविधा भी

मेले में पशुओं के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। पशुपालन विभाग की ओर से लगाए गए चिकित्सा शिविर में 26 नवंबर को कुल 52 पशुओं का उपचार किया गया। पशुपालकों को जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही पशुओं के टीकाकरण की भी व्यवस्था की गई है।

खरीद-बिक्री के साथ पशुओं की सेहत पर भी नजर

जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों एवं व्यापारियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेले में पशुओं के उपचार, टीकाकरण और स्वास्थ्य संरक्षण पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ उनकी देखभाल की व्यवस्था भी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- सोनपुर मेले में घोड़ों और विदेशी कुत्तों का जलवा: 1.85 लाख तक पहुंची कीमत, हस्की और पिटबुल बने आकर्षण का केंद्र 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।